विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में नन्हें पार्क कॉलोनी की सड़कें बनीं तालाब, पहली बारिश ने खोली विकास कार्यों की पोल

Published: Wed, 08 Jul 2026 10:40 PM (IST)

मटियाला के नन्हें पार्क कॉलोनी में मानसून की पहली बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और कीचड़ फैल गया, जिससे ...और पढ़ें

नन्हें पार्क कॉलोनी में बारिश के बाद जगह जगह सड़कपर भरा पानी और कीचड़ युक्त सड़क।

नन्हें पार्क कॉलोनी में बारिश के बाद जगह जगह सड़कपर भरा पानी और कीचड़ युक्त सड़क।

HighLights

  1. पहली बारिश में नन्हें पार्क की सड़कें जलमग्न, कीचड़।

  2. सीवर कार्य के बाद सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं हुआ।

  3. स्थानीय लोग तत्काल सड़क निर्माण की कर रहे मांग।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। मटियाला क्षेत्र के तहत आने वाली नन्हें पार्क कॉलोनी में मंगलवार शाम और बुधवार दोपहर हुई मानसून की पहली बारिश ने इलाके की बदहाल सड़कों और अधूरे विकास कार्यों की पोल खोल दी। मामूली बारिश के बाद ही गली नंबर-11 सहित कई प्रमुख गलियों और संपर्क मार्गों पर पानी भर गया।

जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। दोपहिया वाहन चालक फिसलने के डर से धीरे-धीरे वाहन चलाने को मजबूर रहे, जबकि कई स्थानों पर लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से कालोनी की सड़कें बदहाल हैं। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने का काम पूरा होने के बावजूद आज तक सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। इससे हल्की बारिश में भी पूरी सड़क कीचड़ और जलभराव की चपेट में आ जाती है।

बारिश शुरू होने के बावजूद स्थिति जस की तस 

निवासियों के अनुसार, सीवर कार्य के दौरान क्षेत्र के विधायक की ओर से मानसून शुरू होने से पहले सड़क निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बारिश शुरू होने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क नहीं बनी तो मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो जाएंगे।

दिनभर बड़ी संख्या में स्कूटी, बाइक और कारों की आवाजाही

नन्हें पार्क की यह सड़क केवल कॉलोनी के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि मटियाला और द्वारका को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है। इस रास्ते से दिनभर बड़ी संख्या में स्कूटी, बाइक और कारों की आवाजाही रहती है। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मानसून से पहले सड़क निर्माण पूरा कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

हल्की बारिश में ही पूरी सड़क तालाब बन गई। मानसून आने पर हालात और बिगड़ेंगे। प्रशासन को तुरंत सड़क बनवानी चाहिए। - विपिन सिंह, स्थानीय निवासी

सीवर का काम महीनों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क अब तक नहीं बनी। रोजाना आने-जाने में परेशानी और हादसे का खतरा बना रहता है। - संदीप, स्थानीय निवासी

यह भी पढ़ें- हरी नगर में दर्दनाक हादसा: आग की लपटों से घिरी महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत