नमो भारत के यात्रियों के लिए अच्छी खबर, मिलेगी 'ट्रिप पास' की सुविधा; एक साथ 40 यात्राएं कर सकेंगे बुक
नमो भारत के नियमित यात्रियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने 'ट्रिप पास' सुविधा शुरू की है, ...और पढ़ें

नमो भारत के यात्री अब एक साथ कर सकेंगे 40 यात्राओं का टिकट कर सकेंगे बुक।
HighLights
नमो भारत यात्रियों के लिए एनसीआरटीसी ने 'ट्रिप पास' सुविधा शुरू की।
यात्री अब एक साथ अधिकतम 40 यात्राओं का पास खरीद सकेंगे।
एनसीएमसी कार्ड पर पास लोड, 10% छूट और लॉयल्टी पॉइंट।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नमो भारत में नियमित सफर करने वाले यात्रियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नई ‘ट्रिप पास’ सुविधा शुरू की है। अब एक ही दो स्टेशनों के बीच बार-बार यात्रा करने वाले यात्री हर बार टिकट लेने या एनसीएमसी कार्ड रिचार्ज कराने के बजाय पहले से अधिकतम 40 यात्राओं का पास खरीद सकेंगे।
ट्रिप पास को एनसीएमसी कार्ड में लोड किया जा सकेगा और चुने गए शुरुआती एवं अंतिम स्टेशन के बीच यात्रा करने पर संबंधित यात्रा अपने आप पास से घट जाएगी। इसका इस्तेमाल एक दिन में कई बार भी किया जा सकता है। यह सुविधा स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों श्रेणी के कोच में उपलब्ध होगी। यात्री अपनी जरूरत के अनुसार एक, 10, 15, 20 और 40 यात्राओं का पास ले सकेंगे।
10 यात्राओं वाला पास वापस नहीं किया जा सकेगा
एक यात्रा का पास 15 दिन, 10 यात्राओं का पास 30 दिन, 15 और 20 यात्राओं का पास 60 दिन तथा 40 यात्राओं का पास 90 दिन तक वैध रहेगा। 10 यात्राओं वाला पास वापस नहीं किया जा सकेगा। 15, 20 और 40 यात्राओं के पास पर 200 रुपये प्रशासनिक शुल्क काटकर रिफंड की सुविधा होगी।
मसलन, सराय काले खां से मोदीनगर/मोदिपुरम तक यात्रा का किराया स्टैंडर्ड कोच में 210 और प्रीमियम में 250 रुपये है। नियमित यात्रियों के लिए बार-बार भुगतान करने की जरूरत कम होगी। हालांकि पास सिर्फ उसी स्रोत और गंतव्य के बीच मान्य होगा, जिसे खरीदते समय चुना गया है। अलग स्टेशन तक यात्रा करने पर सामान्य किराया एनसीएमसी के ग्लोबल वॉलेट से कटेगा।
स्वचालित किराया वसूली गेट के पास बने काउंटरों से खरीदा जा सकेगाट्रिप पास नमो भारत स्टेशनों पर आमतौर पर स्वचालित किराया वसूली गेट के पास बने काउंटरों से खरीदा जा सकेगा। आगे का टाप-अप इलेक्ट्रानिक किराया कार्यालय और टिकट वेंडिंग मशीन से किया जा सकेगा।
यात्रियों को हर यात्रा पर 10 प्रतिशत छूट भी मिलती है। एनसीएमसी से यात्रा पर खर्च किए गए प्रत्येक एक रुपये पर एक लायल्टी प्वाइंट मिलता है। 300 प्वाइंट के बदले एक मुफ्त यात्रा ली जा सकती है।
यह भी पढ़ें- नमो भारत ट्रेन में मासिक पास सुविधा और 24 घंटे संचालन की उठी मांग
