विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नमो भारत का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज, दिल्ली-पानीपत और गुरुग्राम कॉरिडोर को जल्द मंजूरी की उम्मीद

Published: Mon, 19 Oct 2026 12:08 AM (IST)

दिल्ली-एनसीआर में नमो भारत के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। एनसीआरटीसी के मुताबिक दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ कॉरिडोर को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड।

HighLights

  1. दिल्ली-एनसीआर में नमो भारत विस्तार की तैयारी तेज।

  2. दिल्ली-पानीपत, दिल्ली-गुरुग्राम कॉरिडोर को जल्द मंजूरी संभव।

  3. क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को मिलेगा नया आयाम।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सहित एनसीआर में नमो भारत के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ कारिडोर के लिए जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा गाजियाबाद-जेवर व नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कारिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इन परियोजनाओं से दिल्ली और आसपास के शहरों के बीच तेज और सुगम आवागमन का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।

नमो भारत सेवा के तीन साल पूरे

नमो भारत सेवा के तीन साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार को भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में एनसीआरटीसी ने यह जानकारी दी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नमो भारत सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम के संकल्प, समर्पण, संस्कृति और संस्कारों की प्रेरणा है।

नमो भारत रैपिड रेल भारत में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान करते हुए शहरी परिवहन के भविष्य को नया आयाम दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्रीय रैपिड रेल सेवा शहरों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने के साथ लोगों के लिए नए अवसर और आर्थिक विकास की संभावनाएं भी बढ़ा रही है।

एनसीआरटीसी की स्थापना

एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा, एनसीआरटीसी की स्थापना देश में एक आधुनिक, सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली विकसित करने के विजन के साथ की गई थी।

आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यह देखकर गर्व होता है कि हमने इस विजन को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे साकार करने की दिशा में ठोस और उल्लेखनीय प्रगति की है।

इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राजधानी विकास विभाग की सचिव एवं एनसीआरटीसी की अध्यक्ष डी. तारा व शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- मतदाता सूची विवाद: भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, फर्जी वोटर के आरोपों पर घेरा