विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-मेरठ के बाद देश भर में दौड़ेगी नमो भारत, 2,900 किमी लंबा होगा नया कॉरिडोर; NCRTC का बड़ा प्लान

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:56 PM (GMT+05:30)

एनसीआरटीसी ने भुवनेश्वर में अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में नमो भारत ट्रेन और टीओडी योजनाओं का प्रदर्शन किया। देशभर में ...और पढ़ें

नमो भारत का विस्तार देश भर में करने की तैयारी। फोटो: आर्काइव

नमो भारत का विस्तार देश भर में करने की तैयारी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में नमो भारत योजनाओं का प्रदर्शन।

  2. देश में 2,900 किमी नए नमो भारत कॉरिडोर विकसित करने की संभावना।

  3. नमो भारत ट्रेन ने अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं दर्ज कीं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नमो भारत ट्रेन का नेटवर्क देश के दूसरे क्षेत्रीय समूहों तक फैलाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अनुसार, देश के प्रमुख क्षेत्रीय समूहों में करीब 2,900 किलोमीटर लंबे संभावित कॉरिडोर की पहचान की गई है।

भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन एवं एक्सपो 2026 में इन संभावित कॉरिडोर के साथ नमो भारत, परिवहन एकीकरण और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

देश के दूसरे क्षेत्रीय समूहों तक विस्तार की संभावना

एनसीआरटीसी ने एक्सपो में नमो भारत कॉरिडोर के विस्तार की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा। निगम के मुताबिक, देश के प्रमुख क्षेत्रीय समूहों में करीब 2,900 किलोमीटर लंबे संभावित कॉरिडोर की पहचान की गई है। इन कॉरिडोर के विकास से जुड़ी संभावनाएं प्रदर्शनी में दिखाई गईं।

मौजूदा कॉरिडोर पर 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर अक्टूबर 2023 में प्राथमिकता वाले खंड पर परिचालन शुरू हुआ था। एनसीआरटीसी के अनुसार, तब से अब तक इस सेवा में 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं।

वर्तमान में प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्री नमो भारत का इस्तेमाल कर रहे हैं। 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर में 15 स्टेशन हैं। इसी ढांचे पर मेरठ मेट्रो की सेवाएं भी संचालित होती हैं।

स्टेशनों के आसपास विकसित होंगी नियोजित टाउनशिप

एक्सपो में नमो भारत स्टेशनों के आसपास ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) की योजनाएं भी प्रदर्शित की गईं। इसके तहत परिवहन केंद्रों के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाले क्षेत्र विकसित करने की योजनाएं शामिल हैं।

प्रदर्शनी में दुहाई नमो भारत स्टेशन और सराय काले खां के आसपास प्रस्तावित विकास के साथ हरनंदीपुरम और न्यू मेरठ की नियोजित टाउनशिप को भी दिखाया गया।

एक्सपो में नमो भारत की तकनीक का प्रदर्शन

भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन एवं एक्सपो 2026 में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने शुक्रवार को एनसीआरटीसी के प्रदर्शनी स्थल का उद्घाटन किया।

यहां नमो भारत की तकनीक और रखरखाव में ऑगमेंटेड वर्चुअल रियलिटी के उपयोग को भी प्रदर्शित किया गया।

यह भी पढ़ें- डू नॉट फ्लाई....',दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में बम की धमकी; वापस मुड़ा विमान