दिल्ली में तलाक की सुनवाई से पहले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में 30 वर्षीय मुनेश की तलाक की सुनवाई से छह दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस।
HighLights
मुनेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, खजूरी खास में।
तलाक की सुनवाई से छह दिन पहले हुई यह घटना।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में 30 वर्षीय युवक मुनेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव मिलने के बाद स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है।
मुनेश का पत्नी से तलाक का मुकदमा कड़कड़डूमा कोर्ट में चल रहा था। मामले में 28 अक्टूबर को सुनवाई होनी थी। इससे छह दिन पहले उसकी मौत होने से स्वजन ने मामले की जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, मुनेश 20 अक्टूबर को यमुना खादर में पांचवें पुश्ते के पास विजयदशमी का मेला देखने गया था। रात करीब 10 बजे उसने अपने पिता को फोन कर घर लौटने की बात कही थी।
इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को पुलिस ने मुनेश के पिता को फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।
छह महीने की एक बेटी
मुनेश खजूरी खास के ई-ब्लॉक में गली नंबर-12, चांद बाग पुलिया के पास रहता था। वह पहले फूल बेचने का काम करता था। उसका विवाह कोमल से हुआ था और दोनों की छह महीने की एक बेटी है। पारिवारिक विवाद के चलते कोमल मार्च से गौतम विहार स्थित अपने मायके में रह रही थी।
मुनेश के भाई सत्य प्रकाश ने कुछ लोगों पर साजिश रचने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि मुनेश को करीब 15 से 20 दिन पहले धमकियां भी मिली थीं।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
