बेटे को बेचने के बाद 15 साल की बेटी का किया सौदा, किशोरी ने बताई मां के जुर्म की दास्तां
दिल्ली महिला आयोग स्वाती जयहिंद का कहना है कि 15 साल की बेटी को मां ने एक लाख में तस्करों के हाथों बेच दिया। उसकी शादी 62 साल के बुजुर्ग से करवाने वाले थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली महिला आयोग (Delhi Commission for Women) ने एक किशोरी को बचाया है, जिसे उसकी मां ने एक तस्कर को एक लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस की मदद से किशोरी को एक आश्रय गृह में भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। छुड़ाई गई किशोरी ने आरोप लगाया है कि पिछले महीने उसकी मां ने अपने एक वर्ष के बेटे को भी बेच दिया था।
दिल्ली महिला आयोग स्वाती जयहिंद का कहना है कि '15 साल की बेटी को मां ने एक लाख में तस्करों के हाथों बेच दिया। उसकी शादी 62 साल के बुजुर्ग से करवाने वाले थे'। स्वाती जयहिंद ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमने मामला दर्ज भी करवाया लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बहाने से साथ ले गई थी मां
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की टीम को किशोरी ने बताया कि आठ सितंबर को उसकी मां ने उससे कहा कि वे बदरपुर में उसकी बहन के यहां जा रहे हैं, लेकिन वह उसे निजामुद्दीन के एक होटल में ले गई। होटल में उसकी मां ने उससे कहा कि उसे कहीं जाना है। शाहिद नाम का एक आदमी उसे घर ले जाएगा। लेकिन शाहिद उसे उसके घर ले जाने के बजाय बवाना गांव की ईश्वर कॉलोनी में अपने घर ले गया।
शादी करवाने वाले थे तस्कर
शाहिद के घर की लड़कियों ने किशोरी से कहा कि वह शादी का जोड़ा पहने और तैयार हो जाए। पूछने पर उन्होंने किशोरी को बताया कि उसकी मां ने उसे एक लाख रुपये में बेच दिया है। अगले ही दिन किशोरी को मौका मिला और किसी तरह वहां से भागने में कामयाब रही। उस समय उसके पास दस रुपये थे। उसने एक ऑटो लिया और बवाना जेजे कॉलोनी स्थित अपने घर वापस पहुंच गई। उसने अपने पड़ोसियों से मदद मांगी, जिन्होंने दिल्ली महिला आयोग की 181 महिला हेल्पलाइन पर फोन किया।आयोग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और किशोरी को स्थानीय पुलिस थाने ले गई।
तस्करों से मिली हुई है किशोरी की मां
किशोरी ने आयोग की टीम को बताया कि उसकी मां अब्दुल नाम के व्यक्ति के संपर्क में थी। जिसका बाल तस्करी का पुराना रिकॉर्ड है। उसने उसकी मां को पेशकश की कि अगर वह किशोरी की शादी हरियाणा में एक 62 साल के आदमी से कर देगी तो वह उसे एक लाख रुपये देगा।
जब किशोरी को इस बारे में पता चला, तो उसने इस बात का विरोध किया। उसने अपनी मां को चेतावनी दी कि अगर उसे शादी के लिए मजबूर किया तो वह उसके खिलाफ शिकायत करेगी। अब्दुल वही व्यक्ति है जिसने उसकी मां को शाहिद से मिलवाया था, जो इस मामले में मुख्य तस्कर है। किशोरी ने बताया कि उसने कभी अपने पिता को नहीं देखा।
मां ने एक साल के बच्चे को भी बेचा
वह अपनी मां, सौतेले पिता और चार भाई-बहनों के साथ बवाना जेजे कॉलोनी में रहती थी। उसकी मां ने पिछले महीने उसके एक साल के भाई को भी एक तस्कर को बेच दिया था। उसकी मां कर्ज में डूबी हुई थी और उसने कर्ज लौटने के लिए अपना बच्चा बेच दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज करके किशोरी को एक आश्रय गृह में भेज दिया गया है। अभी तक पुलिस इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली- NCR के कई इलाकों में 'राहत की बारिश', मौसम हुआ सुहावना