निगम की सारी सेवाएं अब 311 मोबाइल एप पर
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : निगम की सभी नागरिक सेवाओं के लिए अब मोबाइल में एक क्लिक से काय
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
निगम की सभी नागरिक सेवाओं के लिए अब मोबाइल में एक क्लिक से कार्य हो सकेंगे। इसके लिए उपराज्यपाल अनिल बैजल ने राज निवास में निगम नेताओं और अधिकारियों की मौजूदगी में मोबाइल एप लांच किया। इस एप को 311 से निगमों के स्वच्छता से जुड़े कार्यो के साथ सामुदायिक भवनों की बुकिंग और संपत्तिकर जमा करने जैसी सेवाएं मिल सकेगी। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिक अपना फीडबैक भी दे सकेंगे।
एप को लांच करते हुए उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दक्षिणी, उत्तरी और पूर्वी नगर निगम के निवासियों के महत्वपूर्ण क्षण करार दिया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर कमलजीत सहरावत ने कहा कि इस एप का शिकायत निवारण व्यवस्था में क्रांतिकारी प्रभाव होगा, वहीं आयुक्त डॉ.पुनीत कुमार गोयल ने कहा कि इस एप से नागरिक सेवाएं प्रदान करने में गुणवत्ता बढ़ेगी और नागरिक सेवाओं में सुधार होगा।
जहा तक जन शिकायत निवारण का संबंध है इस एप से लोगों को सफाई, स्वच्छता और कूड़े कचरे आदि से संबंधित शिकायतें दर्ज करवाने का अवसर मिलेगा। ये शिकायतें पूरे विवरण के साथ स्थान की फोटो के साथ दर्ज कराई जा सकेंगी। मोबाइल एप्प 311 पर शिकायत दर्ज होने के बाद ये सीधे शिकायत के साथ भेजी गई फोटो के आधार पर पहचान किए गए स्थान के संबंधित अधिकारी के भेज दी जाएंगी। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति, संबंधित अधिकारी का विवरण, प्रगति और समाधान की स्थिति की जाच कर सकेगा। इस दौरान उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महापौर प्रीति अग्रवाल, पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर नीमा भगत व अन्य नेता व अधिकारी उपस्थित थे।