दिल्ली में हार्ट अटैक से हुई थी क्लास 3 की छात्रा की मौत, धनतेरस पर घर पहुंचा 9 साल की उन्नति का शव; बेसुध हुई मां
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में नौ वर्षीय छात्रा उन्नति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, ...और पढ़ें

पूर्वी दिल्ली के माया विहार स्थित लवली हेरिटेज स्कूल की तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत हो गई। वीडियो ग्रैब
HighLights
नौ वर्षीय छात्रा उन्नति की स्कूल में संदिग्ध मौत।
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक मौत का कारण।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार फेज-दो स्थित लवली हेरिटेज पब्लिक स्कूल में बुधवार, 4 नवंबर को नौ वर्षीय छात्रा उन्नति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को जीटीबी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक का खुलासा
जीटीबी अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी बीमारी थी या नहीं। इस बात की पुष्टि के लिए अभी और समय लग रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पांडव नगर थाना पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में स्कूल की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। वहीं, मृतका के पिता विकास ने पुलिस की इस कार्रवाई पर असंतोष जताया है। उनका आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने समय पर सही कदम नहीं उठाया और बच्ची को पास के अस्पताल ले जाने के बजाय दूर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने स्कूल के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
धनतेरस पर घर पहुंचा शव, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
धनतेरस के पावन पर्व पर जब उन्नति का शव उसके घर पहुंचा, तो कोहराम मच गया। मां चंचल का रो-रोकर बुरा हाल था और उनकी यह दर्दनाक स्थिति देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। उन्नति उनकी इकलौती संतान थी, जो शादी के सात साल बाद पैदा हुई थी। मां की इस अपूरणीय क्षति ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।