जल्द होगी महापौर के चुनाव की घोषणा
- दक्षिणी निगम के सचिव कार्यालय ने महापौर से सदन की बैठक बुलाने की मांगी मंजूरी पहली बैठक में ही होगा महापौर का चुनाव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
महापौर-उपमहापौर के चुनाव की घोषणा जल्द हो सकती है। नगर निगमों ने सदन की बैठक बुलाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। दक्षिणी निगम ने जहां महापौर से सदन की बैठक बुलाने के लिए मंजूरी लेने की फाइल चला दी है वहीं उत्तरी निगम बृहस्पतिवार को इस प्रक्रिया को शुरू करेगा। संभवत: इस माह के तीसरे-चौथे सप्ताह में सदन की बैठक हो सकती है। बैठक में ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
दक्षिणी निगम के एक अधिकारी ने कहा चूंकि महापौर को ही सदन की बैठक बुलाने का फैसला लेना होता है। इसलिए इस माह की बैठक बुलाने के लिए महापौर से मंजूरी मांगी गई है। हर वर्ष दिल्ली के तीनों नगर निगमों में अप्रैल माह में होने वाली पहली बैठक में महापौर और उपमहापौर के साथ स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव करा लिया जाता है। लेकिन, कोरोना और फिर लॉकडाउन के चलते दिल्ली में यह चुनाव फिलहाल अभी तक लंबित पड़ा है। इसके बाद दिल्ली के नगर निगमों के 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ स्थायी समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का भी चुनाव होना है। बॉक्स नए अध्यक्ष बनने से बदलेंगे समीकरण
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के बन जाने से दिल्ली के तीनों नगर निगम में इन चुनावों के लिए समीकरण भी बदलेंगे। क्योंकि, आदेश गुप्ता खुद पार्षद हैं और वह वर्ष 2018 में उत्तरी दिल्ली निगम के महापौर भी रह चुके हैं। इसलिए महापौर बनाने में उन पार्षदों को तव्वजों दी जा सकती है जिनका वार्ड में कार्य अच्छा रहा है। बॉक्स
स्थायी समिति के सदस्य पद से दे सकते हैं इस्तीफा
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष बने आदेश गुप्ता फिलहाल उत्तरी निगम में स्थायी समिति के सदस्य हैं। अध्यक्ष बनने के बाद वह इस पद से इस्तीफा दे सकते हैँ। क्योंकि, पार्षद रहते ही सतीश उपाध्याय अध्यक्ष बने थे तो उन्होंने स्थायी समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। आदेश गुप्ता बीते वर्ष ही स्थायी समिति के सदस्य बने जबकि उनका एक वर्ष का कार्यकाल और बचा है।