विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘बदला नहीं, न्याय चाहिए’, मणिपुरी संगीतकार विक्रम की पत्नी बोलीं- नहीं चाहती किसी और परिवार के साथ ऐसा हो

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:25 AM (IST)Updated: Wed, 09 Sep 2026 06:59 AM (IST)

दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत के बाद उनकी पत्नी जोशना चोंगथम ने न्याय की मांग की ...और पढ़ें

मणिपुर भवन में बातचीत के दौरान भावुक हुईं संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पत्नी जोशना चोंगथम। सौ- इंटरनेट मीडिया

मणिपुर भवन में बातचीत के दौरान भावुक हुईं संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पत्नी जोशना चोंगथम। सौ- इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. पत्नी जोशना ने पति विक्रम सिंह के लिए न्याय मांगा।

  2. परिवार चाहता है ऐसी घटना दोबारा न हो।

  3. सरकार विशेष अदालत में केस चलाने की सिफारिश करेगी।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जिस घर में गिटार की मधुर धुन गूंजा करती थी, वहां अब सन्नाटा है। मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत ने पत्नी जोशना चोंगथम और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मणिपुर भवन में मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए जोशना ने कहा कि हम विक्रम की मौत का बदला नहीं चाहते, हम न्याय चाहते हैं, ताकि किसी और परिवार के साथ ऐसा ना हो। इन अल्फाजों के साथ ही भावनाओं के सैलाब ने आंखें नम कर दीं।

रूंधे गले से बताया कि विक्रम को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्हें मणिपुर ही नहीं बंगाल, असम और उत्तर पूर्व के राज्यों के लोगों का भी प्यार मिला था। जोशना ने कहा कि उनके परिवार ने जो खोया है, उसे वापस नहीं पाया जा सकता।

लेकिन वह चाहती हैं कि इस घटना के बाद ऐसी स्थिति दोबारा किसी परिवार के सामने न आए। किसी और पत्नी को अपने पति को इस तरह न खोना पड़े और किसी बच्चे को अपने पिता के बिना बड़ा न होना पड़े। हम विक्रम को न्याय मिलने तक संघर्ष करते रहेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े लोगों का आभार जताया। साथ ही लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की। कहा परिवार अभी गहरे सदमे में है और इस मुश्किल घड़ी में उन्हें शांति के साथ शोक मनाने का समय चाहिए।

विशेष अदालत में केस चलाने की सिफारिश करेगी सरकार: हर्ष मल्होत्रा

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को मणिपुरी गायक चोंगथम विक्रम सिंह के परिवार से मुलाकात की। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी दिल्ली शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि मणिपुर के गायक की हत्या एक भयावह घटना है, लेकिन इसका कोई नस्लीय कोण नहीं है। मैं विपक्षी दलों से अनुरोध करता हूं कि वे इस घटना को नस्लीय रंग देने का प्रयास न करें। कहा दिल्ली सरकार की ओर से मामले की त्वरित सुनवाई के लिए मामला विशेष अदालत में चलाने की सिफारिश की जाएगी।

यह भी पढ़ें- '8-9 दिनों में दाखिल होगी चार्जशीट', मणिपुर के संगीतकार की हत्या मामले में बोले किरेन रिजिजू 

यह भी पढ़ें- कौन थे मशहूर संगीतकार जिनकी बदमाशों ने पीट-पीटकर ले ली जान? बहन कही जाती हैं मणिपुर की 'लता मंगेशकर'