कौन थे मशहूर संगीतकार जिनकी बदमाशों ने पीट-पीटकर ले ली जान? बहन कही जाती हैं मणिपुर की 'लता मंगेशकर'
दिल्ली के किलोकरी में मणिपुर के प्रसिद्ध संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मारपीट के बाद दुखद मौत हो गई। उन्होंने ...और पढ़ें

दिल्ली स्कूल ऑफ म्यूजिक में गिटार के शिक्षक रहे 55 वर्षीय चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली के किलोकरी इलाके में मारपीट के बाद दुखद मौत हो गई। फाइल फोटो
HighLights
मणिपुर के संगीतकार विक्रम सिंह की दिल्ली में मौत।
शोर का विरोध करने पर हमलावरों ने बेरहमी से पीटा।
सभी आठ आरोपी गिरफ्तार, दो हफ्ते में चार्जशीट।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मणिपुर के प्रसिद्ध संगीतकार और दिल्ली स्कूल ऑफ म्यूजिक में गिटार के शिक्षक रहे 55 वर्षीय चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली के किलोकरी इलाके में मारपीट के बाद दुखद मौत हो गई। 80 के दशक में मणिपुर के प्रतिष्ठित रॉक बैंड 'फीनिक्स' और 'ईस्टर्न डार्क' के लीड गिटारवादक रहे विक्रम सिंह पिछले करीब 20 वर्षों से दिल्ली में रहकर बच्चों को संगीत सिखा रहे थे।
सांस्कृतिक विरासत और राजनीतिक प्रतिक्रिया
विक्रम सिंह एक समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखते थे। उनकी मां चोंगथम कमला देवी मणिपुर की मशहूर गायिका हैं, जिन्हें मणिपुरी सिनेमा की 'लता मंगेशकर' माना जाता है। वहीं, हाल ही में बाफ्टा पुरस्कार जीतने वाली फिल्म 'बूंग' की निर्देशिका लक्ष्मीप्रिया देवी उनकी चचेरी बहन हैं।
कैसे घटी यह दर्दनाक घटना?
रविवार देर रात लगभग 11:30 बजे किलोकरी गांव स्थित अपने घर के बाहर कुछ डिलीवरी बॉय और पास के ढाबा कर्मियों द्वारा किए जा रहे तेज शोर-शराबे और हुड़दंग का जब विक्रम सिंह ने विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनका पीछा करते हुए तीसरे माले पर स्थित उनके घर के कॉरिडोर में घेरकर बेरहमी से मारपीट की।

चीखकर बोले- 'थोंग हांगो! थोंग हांगो!'
लहूलुहान अवस्था में जब उन्होंने अपना दरवाजा खटखटाया और मणिपुरी भाषा में चिल्लाए, 'थोंग हांगो! थोंग हांगो!' इसका अर्थ होता है 'दरवाजा खोलो!' पिता की पुकार सुनकर उनका 20 वर्षीय बेटा दरवाजा खोलकर बाहर आया और उन्हें देखकर सहम गया। इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें ओखला के होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह अत्यधिक खून बह जाने और शॉक के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
दो हफ्ते में दाखिल होगी चार्जशीट
इस घटना के बाद उत्तर-पूर्व के छात्र संगठनों और परिजनों ने दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन कर इंसाफ की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि पुलिस ने सभी 8 आरोपियों, जिनमें 7 बालिग और एक नाबालिग शामिल है, को गिरफ्तार कर लिया। दो हफ्तों के भीतर अदालत में सख्त चार्जशीट पेश की जाएगी। वहीं, विपक्ष ने राजधानी में उत्तर-पूर्व के लोगों की सुरक्षा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल भी खड़े किए हैं।
