युवक पर चाकू से वार कर फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर उमेश गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने 12 घंटे के अंदर दबोचा
पूर्वी दिल्ली के मंडोली में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को चाकू मारने के आरोप में हर्ष विहार थाना पुलिस ने उमेश नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को वारदात के 12 घंटे के भीतर पकड़ा गया।
-1795330013709_m.webp)
दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी। जागरण
HighLights
मंडोली में पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना।
युवक संदीप उर्फ अमन को पेट में चाकू घोंपा गया।
हर्ष विहार पुलिस ने आरोपी उमेश को 12 घंटे में दबोचा।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडोली में करीब 40-45 दिन पुरानी कहासुनी को लेकर हुए विवाद में एक युवक के पेट में चाकू घोंपकर हत्या की कोशिश करने के मामले में हर्ष विहार थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान मंडोली एक्सटेंशन निवासी उमेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हत्या के एक मामले में शामिल रहा है। वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।
अस्पताल में भर्ती कराया
शुक्रवार रात रात करीब साढ़े नौ बजे चार खंभा, मंडोली के पास चाकूबाजी की सूचना पुलिस को मिली थी। घायल संदीप उर्फ अमन (27 वर्ष) को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया। संदीप ने बताया कि करीब 40-45 दिन पहले उसके भाई रोबिन और उमेश के बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर उमेश ने विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल के बयान पर हर्ष विहार थाने में 21 नवंबर को हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएचओ तेज दत्त गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई ठिकानों पर छापामारी कर उमेश को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।