दिल्ली के मंडावली इलाके में चाकू से 17 वार कर युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के मंडावली में पारिवारिक रंजिश के चलते 22 वर्षीय वंश डेढा की चाकू से 17 वार कर हत्या ...और पढ़ें
HighLights
मंडावली में 22 वर्षीय वंश डेढा की चाकू से हत्या।
पारिवारिक रंजिश में युवक पर किए गए 17 वार।
पुलिस ने एक आरोपी केशव कुमार को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात परिवारिक रंजिश में एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार करके हत्या कर दी। मृतक की पहचान 22 वर्षीय वंश डेढा के रूप में हुई है। युवक पर चाकू से 17 वार किए गए हैं। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वंश अपने परिवार के साथ मंडावली में रहते थे। जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात 7:54 बजे मंडावली थाने को चाकूबाजी की सूचना मिली थी।
वंश घायल अवस्था में मिला
इसके बाद पुलिस टीम तुरंत ज्ञान वाटिका स्कूल के पास पहुंची। वहां वंश घायल अवस्था में मिला। उसे मैक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकीय जांच में उसके शरीर पर चाकू के 17 घाव मिले।
कुछ युवकों से हुआ था विवाद
वहीं, शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर वंश का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद करावल नगर निवासी 22 वर्षीय केशव कुमार अपने एक साथी के साथ उसका पीछा करते हुए ज्ञान वाटिका स्कूल के पास पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने वंश पर चाकू ध से लगातार हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
ठिकानों पर दबिश जारी
मंडावली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केशव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दूसरे साथी की भी पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़े बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही तकनीकी निगरानी के माध्यम से फरार आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
