दिल्ली: आखिरी सांस तक चाकू से करते रहे वार... जीजा ने बहन को छोड़ा तो भाइयों ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट
पूर्वी दिल्ली के मंडावली में दो भाइयों ने अपनी शादीशुदा बहन की शादी टूटने के बाद उसके प्रेमी वंश डेढ़ा ...और पढ़ें
-1789184857679_m.webp)
चाकू से 17 वार करके युवक को मार डाला। AI जनरेटेड
HighLights
मंडावली में दो भाइयों ने प्रेमी की चाकू से हत्या की।
बहन की शादी टूटने के शक में वारदात को अंजाम दिया।
मृतक वंश डेढ़ा पर चाकू से 17 वार किए गए।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में दो भाइयों ने शादीशुदा बहन की शादी टूटने पर उसके प्रेमी की सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से 17 वार करके हत्या कर दी। युवक के आखिरी सांस तक आरोपी उस पर चाकू से वार करते रहे।
आरोपी खून से लथपथ हालत में उसे सड़क पर छोड़कर भाग गए। मृतक की पहचान वंश डेढ़ा के रूप में हुई है। मंडावली थाना ने हत्या का केस दर्ज किया है।
गाजियाबाद में छापामारी
पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटे में आरोपी केशव डेढ़ा को गिरफ्तार कर लिया है। इसके भाई की तलाश में पुलिस करावल नगर क्षेत्र व गाजियाबाद में छापामारी कर रही है।
वंश डेढ़ा अपने परिवार के साथ मंडावली में रहते थे। परिवार में मां सहित कई सदस्य हैं। उनकी शादी नहीं हुई थी।
घायल हालत में मिला युवक
जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 7:54 बजे पुलिस को चाकूबाजी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ज्ञान वाटिका स्कूल के पास पहुंची। वहां गंभीर रूप से घायल हालत में युवक सड़क पर पड़ा मिला।
इसके बाद पुलिस ने उसे पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल जांच में सामने आया कि वंश के पेट, हाथ, कमर, चेहरे समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से 17 वार किए गए थे।
वहीं, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाईं। सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान की। देर रात पुलिस ने एक आरोपी केशव को करावल नगर से गिरफ्तार कर लिया।
योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर वंश की हत्या की साजिश रची थी। कुछ दिनों पहले उनकी बहन को पति ने छोड़ दिया था। उसे शक था कि उनकी बहन वंश से प्रेम करती है, दोनों भाई इस बात से बहुत नाराज थे और दो सप्ताह से साजिश रच रहे थे। वह वंश की रेकी कर रहे थे।
बृहस्पतिवार को उन्हें पता चला कि रात के वक्त वंश ज्ञान वाटिका स्कूल के पास है। दोनों बाइक से वहां पहुंचे। वंश को देखते ही उस पर टूट पड़े। चाकू से वार करते रहे। वंश जान बचाने के लिए भागने लगा। दोनों आरोपी उसके पीछे दौड़ते रहे और चाकू से वार करते रहे। पुलिस के अनुसार जल्द ही दूसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
