स्टार्टअप फेल हुआ तो बने लुटेरे, 2 पूर्व मैनेजर और 4 टेली कॉलर अरेस्ट, हाईवे पर लोगों को बनाते थे निशाना
महिपालपुर फ्लाईओवर के पास परिवार के साथ लूटपाट और मारपीट करने वाले छह बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं।

सीसीटीवी और कार के नंबर से खुला लूट का राज। (AI-Image)
HighLights
महिपालपुर फ्लाईओवर लूट मामले में छह बदमाश गिरफ्तार।
असफल स्टार्टअप के पूर्व कर्मचारियों ने किया अपराध।
पुलिस ने कार नंबर से आरोपितों को दबोचा।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। एक ही स्टार्टअप में साथ काम किया, फिर खुद का कारोबार शुरू करने के लिए नौकरी छोड़ दी। लेकिन कारोबार नहीं चला तो कमाई के लिए छह युवकों ने अपराध का रास्ता चुन लिया। दो पूर्व मैनेजर और चार टेली कॉलर ने मिलकर हाईवे पर कार सवार परिवारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
14 नवंबर की रात महिपालपुर फ्लाईओवर के पास गुरुग्राम के एक परिवार के साथ लूटपाट और मारपीट की वारदात के बाद वसंत कुंज दक्षिण थाना पुलिस ने सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल कार के चार चालान लंबित हैं। इनमें दो तेज रफ्तार और दो गलत पार्किंग के हैं।
क्या था मामला, कैसे हुई पहचान?
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऋषिकेश तिवारी, दुर्वेश शर्मा, सुमित सिंह, प्रिंस मावी, रितेश चौधरी और सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच के मुताबिक, ऋषिकेश और दुर्वेश एक स्टार्टअप में मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर थे, जबकि बाकी चार टेली कॉलर के तौर पर काम करते थे। इसी दौरान सभी की जान-पहचान हुई।
बाद में दोनों ने नोएडा में फाइनेंसलो नाम से अपना स्टार्टअप शुरू किया और बाकी साथी भी इससे जुड़ गए। हालांकि, कारोबार में सफलता नहीं मिली। इसके बाद सभी ने मिलकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
कार के नंबर से खुला राज
14 नवंबर की रात आलोक कुमार सिंह पत्नी और दो बेटों के साथ गुरुग्राम से लौट रहे थे। महिपालपुर फ्लाईओवर के पास आरोपितों ने उनकी कार रुकवाकर परिवार को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला के गहने लूट लिए और आलोक को कार से कुचलने की कोशिश की।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार, शिकायत पर मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। जांच में वारदात में इस्तेमाल कार का नंबर मिला, जिसके आधार पर आरोपितों तक पुलिस पहुंची। पुलिस अब आरोपितों से अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता के बारे में पूछताछ कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।