विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली गैंगरेप वारदात से भय का माहौल, छात्राएं बोलीं- कॉलेज से बाहर निकलते ही लगता है डर; सुरक्षा दिलाओ

Published: Thu, 24 Sep 2026 12:39 PM (IST)

लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्राओं ने कालकाजी की घटना के विरोध में कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया और सुरक्षा बढ़ाने ...और पढ़ें

कॉलेज की छात्राओं ने सुरक्षा की मांग की। AI जनरेटेड

कॉलेज की छात्राओं ने सुरक्षा की मांग की। AI जनरेटेड

HighLights

  1. छात्राओं ने कॉलेज के बाहर सुरक्षा के लिए प्रदर्शन किया।

  2. आपराधिक तत्वों द्वारा उत्पीड़न पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग।

  3. कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा पर पुलिस से बात की।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। कॉलेज में हम सुरक्षित हैं, लेकिन बाहर निकलते ही डर लगता है। पिछले गेट और बस स्टैंड के आस-पास आपराधिक किस्म के लोग घूमते हैं, जो हमें देखकर घूरते हैं, सीटियां बजाते हैं, बाइक पर स्टंट करते हुए डराते हैं और कई बार अश्लील इशारे और हरकतें करते हैं।

हमारी पुलिस से मांग है- सर प्लीज जगह-जगह पेट्रोलिंग बढ़ाओ, ताकि हम सुरक्षित महसूस कर सकें। लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन के बाहर बिधवार को विरोध जता रहीं छात्राओं ने ये कहा।

कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में हुई घटना के विरोध में छात्राओं ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की आवाज उठाई। इसमें आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सदस्यों और डीयू के अन्य कॉलेजों की छात्राओं ने भी भाग लिया।

घटना के बाद कॉलेज में दो दिन तक कक्षाएं ऑनलाइन संचालित की गई थीं ऐसे में कॉलेज बंद था। दोपहर बाद कॉलेज के बाहर छात्राओं के जुटने का सिलसिला शुरू हुआ और शाम को भारी संख्या में छात्राओं ने एकजुट होकर नजदीकी पिंक बूथ तक मार्च कर रोष जताया।

पुलिस बन तैनात करने की मांग उठाई

नारी मुक्ति जिंदाबाद, तानाशाही नहीं चलेगी, हमें चाहिए आजादी जैसे नारों के साथ छात्राओं ने आवाज बुलंद की। साथ ही हाथों में 'रिपब्लिक नहीं, रेपब्लिक', 'असाल्ट इज द पर्पट्रैटर्स फाल्ट', 'गर्ल्स जस्ट वांट टू वॉक होम'...जैसे स्लोगन लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर नाराजगी जताई। छात्रों ने कॉलेज के आस-पास, पिछले गेट, नजदीकी पार्कों में पुलिस बन तैनात करने की मांग उठाई है।

कॉलेज ने दिया सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन

कॉलेज प्राचार्या कनिका के आहूजा ने बताया कि सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए कॉलेज में संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार, डीसीपी, एसीपी और एसएचओ के साथ बैठक की है। इसमें छात्राओं की सुरक्षा बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी है।

कॉलेज प्रशासन की तरफ से अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में पत्र देकर कॉलेज के आसपास की गलियों, खासकर पिछले गेट और आसपास के पार्कों में पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा है। छात्राओं से कहा है कि वे कोई भी दिक्कत या परेशानी होने पर खुलकर बात करें और कॉलेज में फैकल्टी सदस्य और कॉलेज काउंसलर उनकी मदद करेंगे।

2 दिन ऑनलाइन संचालित हुईं कक्षाएं

इस घटना के बाद कॉलेज ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार और बुधवार को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की थीं। कॉलेज प्राचार्या ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में पता चलते ही कक्षाएं रद कर दीं थी।

स्टूडेंट यूनियन की तरफ से भी कॉलेज से बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशन सहित आस-पास के इलाकों में सुरक्षा को लेकर मांग उठाई है। हम सभी मिलकर कैंपस को और सुरक्षित कैंपस बनाने को काम करेंगे और बृहस्पतिवार से ऑफलाइन कक्षाएं लगेंगी।

यह भी पढ़ें- एक महीने पहले जिम से निकाला गया था दिल्ली गैंगरेप का आरोपी हेमंत, महिलाओं से करता था बदसलूकी