विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली: गैंगरेप की वारदात के बाद एक्शन में लेडी श्रीराम कॉलेज, अब छात्राओं की पुलिस से होगी सीधी बात

Published: Thu, 24 Sep 2026 03:47 PM (IST)

दिल्ली में कालकाजी पार्क में हुई घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए कई कदम ...और पढ़ें

वारदात के बाद कॉलेज और पुलिस ने कई स्तरों पर कदम उठाए हैं। जागरण

वारदात के बाद कॉलेज और पुलिस ने कई स्तरों पर कदम उठाए हैं। जागरण

HighLights

  1. छात्राओं की सुरक्षा हेतु वॉट्सएप ग्रुप बनाया गया।

  2. पुलिस और कॉलेज प्रशासन की मासिक बैठकें होंगी।

  3. कॉलेज परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई।

शालिनी देवरानी, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली में कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में नाबालिक के साथ हुई वारदात और बुधवार को लेडी श्रीराम कॉलेज (एलएसआर) में हुए विरोध के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कॉलेज और पुलिस ने कई स्तरों पर कदम उठाए हैं।

कॉलेज परिसर के साथ आसपास के रास्तों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। कॉलेज की ओर से छात्राओं की सुरक्षा मजबूत बढ़ाने और उनकी शिकायतों को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए कॉलेज प्रशासन, छात्र संघ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का वॉट्सएप ग्रुप बनाया गया है।

इसके माध्यम से छात्राएं सुरक्षा संबंधी शिकायतों और घटनाओं की जानकारी तत्काल साझा कर सकेंगी और उसपर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कॉलेज में पुलिस और छात्राओं के साथ कॉलेज प्रशासन की हर महीने बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, शिकायतों और सुझावों पर चर्चा होगी।

WhatsApp Image 2026-09-24 at 15.37.37

कॉलेज में 2 दिन बाद लगीं ऑफलाइन कक्षाएं

दो दिन ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होने के बाद बृहस्पतिवार को कॉलेज में ऑफलाइन कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित हुईं और बड़ी संख्या में छात्राएं पहुंचीं। कॉलेज प्राचार्या कनिका के. आहूजा ने बताया कि कॉलेज के आसपास और पिछले गेट के सामने पार्क की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया गया है, जबकि कॉलेज के पीछे वाली लेन में स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं। आसपास दिल्ली पुलिस की गश्त भी बढ़ाई गई है।

पुलिस ने परिसर में सुनी छात्राओं की समस्याए

प्राचार्या ने बताया कि कॉलेज में संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी और एसएचओ ने कॉलेज परिसर में छात्राओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और सीधे शिकायत दर्ज कराने का भरोसा दिया।

कॉलेज के पास स्थित पिंक बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रभावी गश्त, अतिक्रमण हटाने और अवांछित तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लगातार निगरानी में रखने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कदम उठाने पर जोर दिया जा रहा है।

डीयू के प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह और उनकी टीम ने भी बृहस्पतिवार को कॉलेज का दौरा कर विश्वविद्यालय की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही सुरक्षा और छात्राओं से जुड़े मुद्दों पर स्थिति का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली गैंगरेप केस: अदालत ने तीन आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा