फिर याद आई अंडरवर्ल्ड डॉन की खूबसूरत गर्लफ्रेंड, जानें नाकाम मोहब्बत की दिलचस्प कहानी
मोनिका बेदी की मानें तो उसे अबू सलेम की अंडरवर्ल्ड वाली जिंदगी के बारे में कुछ भी पता नहीं था। कभी उसकी निगेटिव साइड नहीं देखी।
नई दिल्ली (जागरण स्पेशल)। 1993 में मुंबई बम धमाकों के बाद गुरुवार को अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम को दिल्ली के व्यवसायी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सात साल की सजा सुनाई है। अबू सलेम भारत के अंडरवर्ल्ड डॉन में से कई मायनों में अलग है। यूं तो अंडरवर्ल्ड डॉन पर बॉलीवुड में कई फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन अबू सलेम की पूरी जिंदगी ही ट्विस्ट, ग्लैमर, सस्पेंस और लव अफेयर से भरी पड़ी है। अबू सलेम को गुरुवार को मिली सजा के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस मोनिका बेदी के साथ लव अफेयर का जिक्र होना लाजिमी हो गया है।
एक दौर में बॉलीवुड की सबसे दिलकश, खूबसूरत और ग्लैमरस एक्ट्रेस में शुमार मोनिका बेदी बड़े बैनर की फिल्मों में ही काम कर रही थीं। इनमें उनके को-एक्टर संजय दत्त और गोविंदा थे। ...और एक दिन लोगों ने जाना यह खूबसूरत एक्ट्रेस अडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की प्रेमिका है, तो कुछ लोग मानते थे कि दोनों की शादी हो चुकी है। अबू सलेम और मोनिका बेदी की मोहब्बत दोनों की जिंदगी तबाही का सैलाब लेकर आई। अब मोनिका गुमनामी के अंधरों में गुम हैं और अबू सलेम जेल की सलाखों में एकाकी जीवन जी रहा है।
बड़ी फिल्मों में अबू ने ही दिलवाया था मोनिका को काम
यह बात किसी ने आधिकारिक रूप से नहीं कही है, लेकिन बताया तो यही जाता है कि मोनिका बेदी को बड़े बैनर की फिल्में सलेम के चलते ही मिली थीं। इस कड़ी में कहा जाता है कि मोनिका को उनकी पहली हिट फिल्म 'जोड़ी नंबर वन' में भी सलेम ने ही काम दिलवाया था। यह अलग बात है कि मोनिका ने अपने संक्षिप्त बॉलीवुड करियर में होरो के साथ नाचने-गाने वाले रोल ही किए। ऐसी कोई भूमिका नहीं की, जिसके लिए उन्हें याद रखा जाए। यही वजह है कि इस एक्ट्रेस को उसकी फिल्मों के लिए नहीं, बल्कि सलेम के साथ रिश्तों के लिए जाना जाता है।
सलेम की आवाज पर फिदा हो गई थी मोनिका बेदी
बताया जाता है कि मोनिका बेदी अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की आवाज पर फिदा हो गई थीं। दरअसल, मोनिका और अबू की मुलाकात एक फिल्मी पार्टी के दौरान हुई थी। इस दौरान मोनिका अबू सलेम की पर्सनैलिटी के साथ उनकी आवाज पर भी फिदा हो गई थीं। खैर, इसे लोग गॉसिप से ज्यादा कुछ नहीं मानते। सच्चाई कुछ भी हो, लेकिन अब यह राज दोनों की खोमाशी में दब गया है।
दो तरफा प्यार ही था
बॉलीवुड में फिल्मी गॉसिप आम बात है,लेकिन मोनिका बेदी और अबू सलेम में एक फर्क था कि इनमें एक ग्लैमर की दुनिया से नहीं था। दोनों के रिश्तों को लेकर कई तरह की कहानियां हैं। हैरानी की बात है कि मोनिका अपने तथाकथित प्रेमी अबू सलेम के साथ महीनों विदेशी में रही और गिफ्तार होकर भारत भी सलेम के साथ ही लाई गई थी। यह भी कहा जाता है कि इसके बाद मोनिका ने सलेम का साथ छोड़ दिया था और सरकारी गवाह बन गई थीं। जिंदगी में अप-डाउन देखने वालीं मोनिका फर्जी पासपोर्ट के मामले में चार साल जेल में बीता चुकी हैं।
खुले तौर पर मोनिका ने न सही, लेकिन अबू सलेम तो कई बार कह चुका है कि वह अब भी मोनिका से प्यार करता है।
खैर, अपने हिस्से की सजा काटकर जेल से बाहर आई मोनिका ने गजब का साहस दिखाया था। उनके इरादे मजबूत थे, इसलिए वह कई टीवी रियल्टी शोज में भी नजर आई थीं। इस कड़ी में वह बिग बॉस सीजन -2 के अलावा 'झलक दिखला जा' में भी नजर आई थीं। इतना ही नहीं, साल 2013 में उन्होंने स्टार प्लस के शो सरस्वतीचंद्र में नकारात्मक भूमिका भी की थी।
खबर हुई न...कब प्यार हो गया
मोनिका बेदी द्वारा एक फिल्म मैगजीन को दिए साक्षात्कार के मुताबिक, अबू से मोनिका की मुलाकात साल 1998 में दुबई में एक शो में हुई थी। इस शो में अबू ने अपना परिचय देते हुए खुद को व्यवासायी बताया था। उसने अपना नाम भी कुछ और बताया था। बाद में मोनिका और अबू की फोन पर ही दोस्ती हो गई। मोनिका की मानें तो अबू हर आधे घंट में फोन किया करता था। मोनिका ने बताया कि उसे पता नहीं चला कि कब हमें प्यार हो गया।
नकली चेहरे में खो गई थी मोनिका
मोनिका बेदी की मानें तो उसे अबू सलेम की अंडरवर्ल्ड वाली जिंदगी के बारे में कुछ भी पता नहीं था। कभी उसकी निगेटिव साइड नहीं देखी। हमेशा उसे दूसरों की मदद करते हुए देखा।
पुर्तगाल में मोनिका को पता लग गई थी सच्चाई
यहां पर बता दें कि 20 सितंबर, 2002 को मोनिका और अबू सलेम को इंटरपोल ने पुर्तगाल में गिरफ्तार कर लिया। बाद में फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर पुर्तगाल में घुसने के आरोप में दोनों को जेल भी जाना पड़ा। इतना ही नहीं, साल 2006 में एक भारतीय कोर्ट ने मोनिका बेदी को जाली नाम से पासपोर्ट बनाने का दोषी पाया था। साल 2010 में सुप्रीम कोर्ट ने मोनिका की सज़ा तो बरकरार रखी लेकिन उसकी अवधि थोड़ी कम कर दी क्योंकि वो पहले ही सज़ा काट चुकी थी।
यूं हो गया रिश्ते का अंत, 16 साल से अबू से कोई रिश्ता नहीं
एक दौर था जब मोनिका ने बड़ी बेबाकी से कहा था कि आज भी हमारे रिश्ते की इज्जत करती हूं, लेकिन मैं अब आगे बढ़ चुकी हूं। मैंने कभी हमारे रिश्ते की बात से इनकार नहीं किया। वह प्यार ही था और उससे ज़्यादा कुछ नहीं। 2002 में गिरफ्तारी के बाद से हम संपर्क में नहीं हैं।
यह भी पढ़ेंः अमिताभ की अंगूठी गायब, ऋतिक को महिला ने मारे नाखून; सचिन का भी बुरा हाल- जानें पूरा मामला