विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तान से आ रहे तूफान की चपेट में उत्तर भारत, अगले 48 घंटे होंगे अहम; अलर्ट जारी

By JP YadavEdited By:
Published: Wed, 12 Jun 2019 08:51 AM (IST)Updated: Thu, 13 Jun 2019 07:12 AM (IST)

केंद्र सरकार की संस्था सफर इंडिया ने इस आशय का अलर्ट भी जारी कर दिया। इसका असर अगले दो दिन ...और पढ़ें

पाकिस्तान से आ रहे तूफान की चपेट में उत्तर भारत, अगले 48 घंटे होंगे अहम; अलर्ट जारी
पाकिस्तान से आ रहे तूफान की चपेट में उत्तर भारत, अगले 48 घंटे होंगे अहम; अलर्ट जारी

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। भीषण गर्मी से जूझ रही दिल्ली में अगले दो दिन सांस लेना भी मुश्किल हो सकता है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से उठा धूल का एक बड़ा तूफान बुधवार को दिल्ली-एनसीआर सहित समूचे उत्तर भारत को बेहाल कर सकता है। इसका असर अगले दो दिन तक बने रहने के आसार हैं। केंद्र सरकार की संस्था सफर इंडिया ने मंगलवार देर शाम इस आशय का अलर्ट भी जारी कर दिया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी सारे हालात पर निगाह रखे हुए है।

सफर इंडिया के प्रोजेक्ट निदेशक डॉ. गुफरान बेग के मुताबिक, मंगलवार को पाकिस्तान के कराची एवं अफगानिस्तान के सिस्तान बेसिन शहर में धूल का एक बड़ा तूफान उठा है। यह तूफान भारत की ओर बढ़ रहा है और संभावना जताई जा रही है कि बुधवार को यह उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों को अपनी चपेट में ले लेगा। इस तूफान को राजस्थान के थार रेगिस्तान की धूल और गंभीर बनाएगी।

सफर इंडिया द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार इससे पीएम 2.5 और पीएम 10 दोनों की मात्रा में खासी वृद्धि होगी। वायु गुणवत्ता का स्तर बहुत खराब श्रेणी से गंभीर श्रेणी में पहुंचने के आसार हैं। लिहाजा, श्वास रोगियों को सांस लेने में कठिनाई हो सकती है और गर्मी के इस मौसम में भी लोगों को मास्क पहनने पर विवश होना पड़ सकता है। हालांकि सीपीसीबी सारी स्थिति पर निगाह रखे हुए है।

सफर इंडिया के मुताबिक मंगलवार देर शाम भी दिल्ली का एयर इंडेक्स 387 पहुंच गया जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। गर्मी के दौरान इतना अधिक प्रदूषण स्तर पहली बार दर्ज हुआ है। जबकि एनसीआर में सबसे अधिक प्रदूषित शहर ग्रेटर नोएडा रहा जहां एयर इंडेक्स 353 पीएम 10 का स्तर सामान्य से 4 गुना और पीएम 2.5 का स्तर सामान्य से दो गुना तक अधिक रहा।

गर्मी से गुरुग्राम में दो की मौत

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। मंगलवार को दो अलग-अलग जगहों से दो शव मिले। उनकी पहचान नहीं हुई है। पोस्टमार्टम होने के बाद सामने आया कि दोनों की मौत लू लगने से हुई। गर्मी के चलते इस वर्ष जिला में तीसरे व्यक्ति की मौत हुई है। एक जून को गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन पर 56 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी लू लगने से मौत हुई थी। जिले में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को इसमें थोड़ी कमी दर्ज की गई और शहर का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र से 33 वर्षीय युवक का शव बरामद किया था, जो सुबह फुटपाथ पर मृत मिला था। वहीं रेलवे स्टेशन के समीप से एक अन्य व्यक्ति का शव बरामद किया गया था।

गर्मी से मिली कुछ राहत

सोमवार की भीषण गर्मी के बाद मंगलवार को दिल्लीवासियों ने गर्मी से तो कुछ राहत महसूस की, लेकिन धूल ने आफत बढ़ा दी। मंगलवार को सुबह से ही आंशिक तौर पर बादल छाए रहे। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में धूल भरी हवा भी चलती रही। इसकी गर्द वातावरण में भी छा गई। हालांकि मंगलवार को यह स्थिति बनने की वजह राजस्थान की तरफ से चली धूल भरी हवा बताई जा रही है। बुधवार को जब इसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान की धूल भी शामिल होगी तो हवा की गुणवत्ता में और गिरावट आएगी। मंगलवार को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।