'मुझे गालियां देकर सरकार में आए, अगले चार साल यही करेंगे'; केजरीवाल का भाजपा पर हमला
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पानी की समस्या को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा ...और पढ़ें

अरविंद केजरीवाल की फाइल फोटो। सौजन्य- एक्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने फिर से दिल्ली की भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। राजेंद्र नगर विधानसभा के कुछ इलाकों में कई दिनों से पानी न आने की स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही शिकायतों पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया है।
उन्होंने कहा कि मुझे गालियां दे देकर ही ये लोग सरकार में आए थे और अगले चार साल केवल मुझे गालियां ही देंगे। इनको न सरकार चलानी आती है और न ही इनकी इच्छा है। दिल्लीवाले इनको वोट देकर ठगा महसूस कर रहे हैं।
केजरीवाल ने पानी न आने को लेकर एक्स पर की गई राजेंद्र नगर के निवासी की शिकायत को साझा कर कहा कि देखिए, इन लोगों ने कैसे दिल्ली वालों की जिंदगी नर्क बना दी है। इन्होंने दिल्ली का बुरा हाल कर दिया है। अपनी एक साल की सरकार में इन्होंने केवल तीन काम किए हैं- केजरीवाल को गाली, केजरीवाल को और गाली, केजरीवाल को भद्दी-भद्दी गाली। मुझे गालियां दे देकर ही ये सरकार में आए थे और अगले चार साल केवल मुझे गालियां ही देंगे।
उधर, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि महुआ मोइत्रा ने एक्स पर धुरंधर-4 डाल दी है। जब मैं यहां आया था, तब तक उस वीडियो पर तीन मिलियन व्यूज हो चुके थे। उस वीडियो में प्रधानमंत्री के चरित्र पर जो आरोप लगाए गए हैं, वे बहुत गंभीर हैं।
उन्होंने कहा कि हम चाहेंगे कि इस विषय में प्रधानमंत्री देश के सामने अपनी बात रखें। वह कौन सी एजेंसी हो सकती है जो इन आरोपों की जांच कर सके? क्योंकि सीबीआई, महिला आयोग और पुलिस, ये सभी तो प्रधानमंत्री और सरकार के अधीन हैं। ऐसे में इन गंभीर आरोपों की जांच आखिर कैसे हो सकती है, आज यह सवाल धुरंधर 4 बनकर देश के सामने खड़ा है।
