दिल्ली में कंझावला-मदनपुर लिंक रोड की हालत बेहद जर्जर, गहरे गड्ढों से जूझ रहे लोग
दिल्ली में कंझावला-मदनपुर लिंक रोड की हालत जर्जर है, जिससे वाहन चालकों को गहरे गड्ढों के कारण भारी परेशानी हो ...और पढ़ें
-1793445605625_m.webp)
कंझावला-मदनपुर लिंक रोड जर्जर। जागरण
HighLights
कंझावला-मदनपुर लिंक रोड की हालत बेहद जर्जर।
गहरे गड्ढों से वाहन चालकों को भारी परेशानी।
स्थानीय लोग तत्काल मरम्मत की कर रहे मांग।
संजय डबास, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में कंझावला से मदनपुर और यूईआर-2 को जोड़ने वाले लिंक रोड की हालत कई साल से जर्जर बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच सड़क बची है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। करीब 16 फुट चौड़ी इस सड़क से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसकी मरम्मत की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
टूटी सड़क आसपास के गांवों को जोड़ने के साथ किसानों और लघु औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए भी आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क की बदहाली के कारण लोगों को रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सूरज, मोंटी के अनुसार सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से बनाई गई इस सड़क की वर्तमान स्थिति विभागीय अनदेखी पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई बार टेंपो और कार जैसे वाहन फंस जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी मोटरसाइकिल और स्कूटी चालकों को होती है।
दुरुस्त कराने के बड़े-बड़े वादे
स्थानीय निवासी रोहित और बलबीर का कहना है कि चुनाव के समय नेता सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराने के बड़े-बड़े वादे करते हैं। चुनाव जीतने के बाद वही नेता क्षेत्र से गायब हो जाते हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को गंभीरता दिखानी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि सड़क का निरीक्षण कराकर गड्ढों को जल्द भरवाया जाए और स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि हादसों का खतरा कम हो तथा लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।