कालकाजी में दिनदहाड़े महिला से होती लूटपाट देखते रहे राहगीर, मदद करने वाले युवक का मोबाइल पुलिस ने कर लिया जब्त
दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी में मंगलवार सुबह एक महिला से मोबाइल छीन लिया गया। रामपुरी, मालरोड पर हुई इस घटना ...और पढ़ें

महिला से लूटपाट करते अपराधी को देखते दो शख्स। वीडियो ग्रैब

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
मुहम्मद रईस, दक्षिणी दिल्ली। कालकाजी थाना क्षेत्र स्थित रामपुरी, मालरोड पर 31 मार्च दिन मंगलवार की सुबह एक महिला रोज की तरह जाॅब पर जाने के लिए घर से निकली। गली के नुक्कड़ पर पहुंचकर उसे कैब बुक करना था। पर्स से मोबाइल निकालकर हाथ में लिया।
कैब बुक भी नहीं हो पाई कि बाइक सवार दो बदमाश आए। वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने झपटकर मोबाइल छीना, उसके साथी तेजी से बाइक भगाई और दोनों वहां से रफूचक्कर हो गए। शर्म की बात तो यह है कि महिला से लूटपाट होते हुए वहां राहगीरों ने देखा भी मगर मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। वहीं, एक डिलीवरी ब्वॉय ने मदद की तो पुलिस ने उसका ही मोबाइल जब्त कर लिया।
डिलीवरी ब्वॉय को मदद पड़ गई भारी
इसके बाद रोती-बिलखती महिला को देख वहां से गुजर रहे डिलीवरी ब्वाय ने मदद की। अपने मोबाइल से डायल 112 पर फोन किया। शिकायत दर्ज कराने में मदद की। बदमाशों की तफ्तीश करने की बजाय पुलिस ने युवक का ही मोबाइल जमा करा लिया। काफी मिन्नतें करने के बाद लगभग आधे घंटे बाद उसे फोन वापस मिल पाया। शायद ऐसी ही कुछ वजह रही होगी कि सीआर पार्क में बदमाशों से भिड़ने वाली महिला की सहायता के लिए कोई आगे आने का साहस नहीं जुटा पाया।
डायल 112 पर फोन कर बुलाई पुलिस
मालरोड पर जहां वारदात हुई वो कोई सुनसान जगह नहीं थी। पास में ही एक दुकान पर ट्रक से आटा अनलोड हो रहा था। कई सारे मजदूर थे। दुकानदार के अलावा राहगीर भी थे। पर मोबाइल लूट की वारदात के समय कोई बदमाशों की तरफ बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
घटना के बाद भी लोग इस डर से महिला के पास जाने से हिचक रहे थे कि काम-धाम छोड़कर थाने के चक्कर काटने पड़ेंगे। तुगलकाबाद निवासी डिलीवरी ब्वॉय ने बताया कि सुबह सात बजे के करीब वो वहां से गुजर रहा था। महिला को परेशान देखकर कारण पूछा। डायल 112 पर फोन करने पर टीम मौके पर पहुंची।
CR Park - Lady stabbed in broad daylight while she resisted chain snatching right in her own neighbourhood.
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) March 30, 2026
While the LG & CM are too busy making fancy reels for their PR, Delhi middle class residents are facing serious governance issues.
Who is actually accountable for the… pic.twitter.com/mg0zqKbHpl
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
महिला से घटना के बाबत पूछताछ की और मेरा फोन ले लिया। बोला थाने चलना पड़ेगा, क्योंकि शिकायत इस फोन से हुई है। जबकि मुझे डिलीवरी देने के लिए फरीदाबाद और गुरुग्राम जाना था। वो कुछ सुनने के तैयार नहीं थे। नौकरी का हवाला देने पर मेरी सारी डिटेल नोट की। तकरीबन आधे घंटे बाद फोन मिला। पुलिस के मुताबिक शिकायत दर्ज कर बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एक घंटा सीमा विवाद में फंसी रही पुलिस
कालकाजी से लेकर सीआर पार्क थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश फिर सक्रिय हैं। कालकाजी थाना क्षेत्र स्थित रामपुरी, मालरोड पर बदमाशों ने मोबाइल लूटा, वहां से 500 मीटर की दूरी पर राजमंदिर के पास केनरा बैंक के सामने 18 मार्च को बदमाशों ने बुजुर्ग को निशाना बनाया था।
80 वर्षीय बुजुर्ग चंद्रप्रकाश के मुताबिक केनरा बैंक में कुछ काम के बाद सुबह 11 बजे वे बाहर निकले ही थे कि दो बाइक पर पांच लड़के आए और बातों में उलझा लिया। इसके बाद हाथ में पहना तीन तोले का सोने का कड़ा जबरन उतरवाकर फरार हो गए। यह स्थान सीआर पार्क व कालकाजी थाने का बार्डर एरिया है। शिकायत पर दोनों ही थानों की टीम पहुंची।
एक घंटे सीमा निर्धारण में ही लग गए। तब जाकर उनकी शिकायत पर बीएनएस की धारा 303 (2) व 3 (5) में एफआईआर दर्ज हो पायी। हालांकि, शिकायत का भी कोई फायदा नहीं। दो सप्ताह बीतने को हैं और पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन कवच’: 48 घंटे में 2000 से ज्यादा ड्रग तस्कर, शराब और हथियार तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- यूपी मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल? दिल्ली में शाह और केशव मौर्य की मुलाकात से बढ़ी सियासी हलचल
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मार्च ने तोड़े रिकॉर्ड, बीते तीन वर्षों के मुकाबले हुई सर्वाधिक बारिश; चार साल में सबसे ज्यादा रहा AQI
