विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कालिंदी कुंज पार करने में नहीं लगेंगे घंटों, AIIMS की तरह बनेंगे दो लूप; मिनटों में पहुंचेंगे नोएडा-फरीदाबाद

Published: Wed, 03 Jun 2026 09:58 PM (IST)

कालिंदी कुंज चौक को जाम मुक्त बनाने के लिए एनएचएआई ने एम्स की तर्ज पर दो लूप फ्लाईओवर बनाने की ...और पढ़ें

इसी एम्स फ्लाइओवर की तर्ज पर कालिंदी कुंज में बनेगा फ्लाइओवर। आर्काइव

इसी एम्स फ्लाइओवर की तर्ज पर कालिंदी कुंज में बनेगा फ्लाइओवर। आर्काइव

HighLights

  1. कालिंदी कुंज चौक बनेगा पूरी तरह सिग्नल-फ्री

  2. एम्स फ्लाईओवर की तर्ज पर बनेंगे दो लूप फ्लाईओवर

  3. दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद के लाखों वाहन चालकों को राहत

वीके शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली के सबसे व्यस्त और लंबे समय से जाम के लिए बदनाम कालिंदी कुंज चौक को पूरी तरह सिग्नल-फ्री करने की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।

इस चौक को एम्स फ्लाईओवर की तर्ज पर दो लूप फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया गया है। इसके बनने पर दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के लाखों वाहन चालकों को दैनिक भीषण जाम से राहत मिलेगी।

परियोजना का डीपीआर (डिटेल प्राेजक्ट रिपोर्ट) तैयार हो गया है। इसे लेकर दक्षिणी दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन,राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से मिलकर उनका धन्यवाद करते हुए इस परियोजना पर जल्द से जल्द काम शुरू करने का अनुरोध किया।

प्रोजेक्ट में आएगी 350 करोड़ की लागत 

परियोजना पर 350 करोड़ से अधिक की लागत आने का अनुमान है। NHAI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि परियोजना स्थल जिस तरह तकनीकी अडचनों में उलझा हुआ है। उससे काम को जमीन पर लाने में कुछ समय जरूर लग सकता है।

मगर जल्द ही इस परियोजना से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर आगे बढ़ा जाएगा। बता दें कि कालिंदीकुंज चौक ऐसा चौराहा है, जो जितना दिल्ली के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है उतना ही नोएडा के लिए भी है।

फरीदाबाद के लोगों के लिए भी इसकी अहमितयत कम नही है। नोएडा की ओर से आकर जैसे ही यमुना को पास कर दिल्ली में पहुंचते हैं यह चौक आ जाता है। इसी तरफ फरीदाबाद और दिल्ली की ओर से भी यहां वाहन चालक पहुंचते हैं।

AIIMS की तर्ज पर बनाने का फैसला लिया

यहां एक तरफ मेट्रो की लाइन गुजर रही है, दूसरी ओर आगरा नहर है और इसके बिल्कुल नजदीक में ही यमुना बहती हैं। परियोजना पर काफी माथापच्ची के बाद इसे एम्स की तर्ज पर बनाने का फैसला लिया गया है।

दरअसल मुंबई एक्सप्रेसवे (डीएनडी-फरीदाबाद-सोहना काॅरिडोर) के खुलने के बाद कालिंदी कुंज पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ चुका है। इस समस्या को खत्म करने के लिए ये दो मुख्य फ्लाईओवर लूप डिजाइन किए गए हैं।

यहां पर बनाए जाएंगे लूप 

पहला नोएडा से फरीदाबाद लूप बनेगा: यह पहला फ्लाईओवर नोएडा (ओखला बैरेज मार्ग) की तरफ से आने वाले यातायात को सीधे फरीदाबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ मोड़ेगा। नोएडा से आने वाले लोगों को चौराहे पर बिना रुके बाएं मुड़ने की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

दूसरा फरीदाबाद से नोएडा लूप बनेगा: दूसरा फ्लाईओवर फरीदाबाद और मुंबई एक्सप्रेसवे की दिशा से आने वाले वाहनों को बिना किसी रुकावट के सीधे नोएडा के ओखला बैरेज रोड से जोड़ेगा।

मिनटों का रह जाएगा सफर 

इस फ्लाईओवर निर्माण के दौरान मौजूदा सड़क नेटवर्क या नीचे के जंक्शन को बंद कर दिया जाएगा। स्थानीय वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए नीचे की सड़कों को चौड़ा और अपग्रेड किया जाएगा।

इस लालबत्ती के सिग्नल-फ्री होने से नोएडा, फरीदाबाद, बदरपुर बाॅर्डर, शाहीन बाग (रोड नंबर 13), जसोला और मध्य दिल्ली की तरफ आने-जाने वाले लाखों यात्रियों का सफर महज कुछ मिनटों का रह जाएगा।

दक्षिणी दिल्ली से सांसद बिधूडी ने कहा है कि कालिंदीकुंज चौक पर जाम दूर करने के लिए वह वर्षों से मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी के सानिध्य में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के अथक प्रयास के बाद ही यह परियाेजना अस्तित्व में आ सकी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में सिर्फ 3% ट्रक-बस फैला रहे 36% प्रदूषण, EV में बदलना ही रास्ता; TERI की रिपोर्ट में खुलासा