काका नगर दिल्ली की पहली कॉलोनी, जहां मशीनों से धूल रहित हो रही सफाई; वायु गुणवत्ता में होगा सुधार
काका नगर दिल्ली की पहली कॉलोनी बन गई है जहाँ मशीनीकृत धूल रहित सफाई प्रणाली अपनाई गई है। एनडीएमसी ने ...और पढ़ें
-1770252468332_m.webp)
काका नगर कॉलोनी में मशीनों से धूल रहित सफाई।
HighLights
काका नगर दिल्ली की पहली धूल रहित मशीनीकृत सफाई कॉलोनी।
एनडीएमसी ने लगाए पांच मैकेनिकल स्वीपर और एक गाब्लर मशीन।
वायु गुणवत्ता में सुधार, 12 खाद संयंत्र भी स्थापित।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। काका नगर दिल्ली की पहली ऐसी कालोनी हो गई है, जहां मशीनों से धूल रहित सफाई प्रणाली अपनाई गई है। इस कालोनी की सफाई व्यवस्था में एनडीएमसी द्वारा पांच पुश-बैक मैकेनिकल स्वीपर व एक गाब्लर मशीन लगाई गई है। खासियत यह कि इस सफाई व्यवस्था में धूल उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आई है और वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
एनडीएमसी द्वारा काका नगर में यह व्यवस्था पायलट प्रोजक्ट के तौर पर लागू की गई है। यह कारगर साबित होता है तो उसे एनडीएमसी क्षेत्र की अन्य कालोनियों में भी लागू की जाएगी।
बुधवार को यांत्रिकी सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के बाद एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि यह पारंपरिक कर्मी आधारित सफाई व्यवस्था से आधुनिक यांत्रिक स्वच्छता प्रणाली की ओर निर्णायक परिवर्तन है। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी ने काका नगर को अपनी छठी अनुपम कालोनी घोषित किया है।
इसके पूर्व पांच अन्य कालोनियों- डी-1, डी-2 व सत्य सदन अधिकारी आवास, भारती नगर, आराधना (बर्मा शेल कोआपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड), बापू धाम तथा न्यू मोती बाग शामिल है। एनडीएमसी के अनुसार, ये सभी कालोनियां पर्यावरण-उत्तरदायी व सतत शहरी जीवन की उत्कृष्ट मिसाल के रूप में स्थापित हैं।
लगाए गए हैं 12 स्थानों पर कूड़े से खाद बनाने के संयंत्र
विशेष बात कि काका नगर में अनुपम कालोनी के तहत गीले व बागवानी अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर खाद बनाने के संयंत्र (वायर-मेश कंपोस्टिंग राउंडर) 12 स्थानों पर लगाए गए हैं। उससे तैयार की गई जैविक खाद का उपयोग कालोनी के पार्कों के रख-रखाव में किया जा रहा है तथा निवासियों को भी प्रदान किया जा रहा है।
एनडीएमसी के सलाहाकार (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन) राजीव कुमार जैन ने बताया कि “गीला कूड़ा लाओ- खाद ले जाओ” पहल के अंतर्गत पिछले सात दिनों में निवासियों को खाद का वितरण किया गया है, जिससे घर-घर कचरा पृथक्करण और इसके सतत व्यवहार को बढ़ावा मिला है। इसी तरह, कालोनी में नेकी की दीवार की स्थापना की गई है, जहां निवासी कपड़े, पुस्तकें एवं घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं दान कर सकते हैं।
