विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ज्वाला नगर हादसा: नवजात का नामकरण तक नहीं हुआ और मलबे में दबकर चली गई पिता की जान; मकान मालिक का भाई अरेस्ट

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:19 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में 40 साल पुराना मकान ढहने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक के भाई ...और पढ़ें

HighLights

  1. पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में मकान ढहने का मामला।

  2. हादसे में दो की मौत, चार लोग गंभीर घायल हुए।

  3. मकान मालिक के भाई बीर सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, शाहदरा। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में 40 साल पुराना मकान ढहने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र के भाई बीर सिंह को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे।

मृतकों की पहचान तीन वर्षीय देवांश और 35 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई थी। पुलिस मामले में मकान ढहने के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है।

हादसे ने पिंटू के परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। पिंटू के घर में महज एक महीने पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियां आई थीं, लेकिन अभी नवजात का नामकरण तक नहीं हुआ था कि पिता की मौत की खबर पहुंच गई।

पेशे से किसान थे पिंटू‌

पिंटू पेशे से किसान थे। वह गांव से काम की तलाश में दिल्ली आए थे। उन्हें क्या पता था कि रोजी-रोटी की तलाश में जिस शहर में आए हैं, वहीं एक जर्जर मकान के मलबे में उनकी जिंदगी खत्म हो जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे ज्वाला नगर की गली नंबर छह में पुराना मकान अचानक ढह गया था। मकान करीब 40 साल पुराना था। हादसे के समय उसमें कई लोग मौजूद थे। मकान गिरने से छह लोग मलबे में दब गए थे।

सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देवांश और पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मकान मालिक के भाई बीर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पुराने मकान की जर्जर हालत के बावजूद उसमें लोगों के रहने की व्यवस्था क्यों थी और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।