JNU में यूजीसी नियमों पर छात्रों का प्रदर्शन जारी, कैंपस के अंदर स्टूडेंट्स को रोकने के लिए लगाए बैरिकेड्स
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्र संघ UGC नियमों को लागू करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है।
-1772135957484_m.webp)
जेएनयू में यूजीसी नियमों पर छात्रों का प्रदर्शन जारी। वीडियो ग्रैब
HighLights
JNU छात्र संघ UGC नियमों को लागू करने की मांग कर रहा है।
मार्च रोकने पर प्रदर्शन हिंसक हुआ, कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
दिल्ली पुलिस ने 40-50 छात्रों को हिरासत में लिया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में स्टूडेंट यूनियन संघ यूजीसी (UGC) के नियमों को लागू करने की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने कैंपस के अंदर स्टूडेंट्स को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए हैं।
उन्होंने कैंपस से शिक्षा मंत्रालय तक एक लंबे मार्च का आह्वान किया था, लेकिन जेएनयू प्रशासन द्वारा मार्च की अनुमति न दिए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और कई पुलिस कर्मी घायल हो गए।
40 से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिया
वामपंथी छात्र संगठनों के समर्थकों के साथ छात्रसंघ पदाधिकारी अध्यक्ष अदिति मिश्रा, उपाध्यक्ष गोपिका के बाबू, महासचिव सुनील यादव, संयुक्त सचिव दानिश अली और पूर्व अध्यक्ष नितिश कुमार ने बैरिकेड हटाकर बाहर जाने की कोशिश की। जैसे ही ये छात्र मुख्य द्वार पार करने लगे, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक करीब 40 से 50 छात्रों को हिरासत में लिया गया, जबकि मौके पर दो से तीन हजार लोगों की भीड़ जुटी हुई थी।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लिए जय भीम, रोहित एक्ट लागू करो, वीसी मुर्दाबाद, जातिवादी वीसी को बर्खास्त करो और यूजीसी एक्ट लागू करो जैसे नारे लगाए। छात्रसंघ अध्यक्ष अदिति मिश्रा ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे, लेकिन बिना वर्दी में मौजूद लोगों ने उन्हें घसीटकर हिरासत में लिया। वहीं छात्र नेताओं का दावा है कि सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने पूरे परिसर को घेर रखा था और बाहर निकलने नहीं दिया।
