विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JNU में अब GPS वाले ई-रिक्शा की सेवा शुरू, छात्राओं की सुरक्षा पर खास जोर

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:43 PM (IST)

जेएनयू परिसर में छात्रों की आवाजाही के लिए जीपीएस-सक्षम ई-रिक्शा सेवा शुरू की जा रही है, जिसमें महिला सुरक्षा को ...और पढ़ें

जेएनयू में जीपीएस वाले ई-रिक्शा की सेवा शुरू। (एआई जेनरेटेड इमेज)

जेएनयू में जीपीएस वाले ई-रिक्शा की सेवा शुरू। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. जीपीएस-सक्षम ई-रिक्शा सेवा जेएनयू परिसर में शुरू।

  2. महिला सुरक्षा हेतु चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य।

  3. तीन रूटों पर 15 रुपये प्रति यात्री किराया निर्धारित।

लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बड़े परिसर में अब छात्र-छात्राओं को आवाजाही के लिए सस्ती और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलने जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने फर्स्ट और लास्ट मील कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए जीपीएस से लैस ई-रिक्शा सेवा शुरू करने की तैयारी की है। खास बात यह है कि सेवा में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है।

हर ई-रिक्शा की होगी जीपीएस से निगरानी

प्रस्तावित सेवा में शामिल प्रत्येक ई-रिक्शा में इन-बिल्ट जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य होगा। इससे वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी। किसी भी आपात स्थिति में वाहन की लोकेशन की जानकारी हासिल करना आसान होगा। ई-रिक्शा में फर्स्ट एड बाक्स और अग्निशामक यंत्र भी रखना अनिवार्य किया गया है।

यात्रियों के दुर्घटना और थर्ड पार्टी बीमा की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी। वाहन में चालक का नाम, लाइसेंस नंबर, मोबाइल नंबर, वाहन पंजीकरण संख्या, फिटनेस, परमिट, रूट नंबर, बैठने की क्षमता और निर्धारित गति सीमा की जानकारी प्रदर्शित करनी होगी।

बिना पुलिस सत्यापन चालक नहीं चला सकेगा ई-रिक्शा

छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ई-रिक्शा चालकों का पुलिस सत्यापन जरूरी किया गया है। सत्यापन के बिना किसी चालक को सेवा में लगाने की अनुमति नहीं होगी। संचालक एजेंसी को प्रत्येक चालक की पृष्ठभूमि की जांच कर उसकी रिपोर्ट जेएनयू के नामित अधिकारी को सौंपनी होगी। चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और फोटो पहचान पत्र होना जरूरी होगा। उन्हें निर्धारित यूनिफार्म और बैज भी पहनना होगा।

तीन रूट, 15 रुपये किराया

जेएनयू में ई-रिक्शा के लिए तीन रूट प्रस्तावित किए गए हैं। इनकी लंबाई क्रमश: 3.4, 3.3 और 3.2 किलोमीटर होगी। रूट में विभिन्न हॉस्टल, प्रशासनिक ब्लाक, लाइब्रेरी पार्किंग, गंगा ढाबा, साबरमती, गोदावरी और लाइफ साइंस सहित प्रमुख स्थान शामिल होंगे। तीनों रूट पर प्रति यात्री 15 रुपये किराया प्रस्तावित है। सेवा सुबह 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसका लाभ छात्रों के साथ फैकल्टी, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्य भी उठा सकेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: अचानक हुआ फ्रिज के कंप्रेसर में धमाका, परिवार बचा पर पालतू कुत्ते की मौत