नवरात्रि में झंडेवालान मंदिर के आसपास यातायात रहेगा प्रभावित, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
नवरात्रि के दौरान झंडेवालान मंदिर के पास रानी झांसी रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने 10 से ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर जारी की एडवाइजरी। फोटो: आर्काइव
HighLights
नवरात्रि में झंडेवालान मंदिर के पास यातायात प्रभावित
रानी झांसी रोड पर 10-20 अक्टूबर तक बचें
दिल्ली पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की सलाह दी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नवरात्रि के दौरान झंडेवालान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रानी झांसी रोड और आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रह सकता है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने 10 से 20 अक्टूबर तक वाहन चालकों को रानी झांसी रोड का इस्तेमाल करने से बचने और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की सलाह दी है।
यातायात पुलिस के अनुसार, मंदिर के आसपास पैदल श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में नई दिल्ली से करोल बाग जाने वाले वाहन चालक पंचकुइयां मार्ग और बग्गा होकर जा सकते हैं।
इन रास्तों से जाने की सलाह
तीस हजारी से वंदे मातरम मार्ग और करोल बाग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को न्यू रोहतक रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वहीं, नई दिल्ली से आइएसबीटी जाने वाले वाहन चालक मिंटो रोड और राजघाट होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि पंचकुइयां रोड से बग्गा और फिर फैज रोड की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। नई दिल्ली से रानी झांसी फ्लाईओवर की ओर जाने वाले वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल करें।
वहीं, अजमेरी गेट की ओर से आने वाले वाहनों को झंडेवालान से डीबीजी रोड और फैज रोड की ओर भेजा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
