दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध हालात में मौत, कारपेंटर वर्कशॉप में लगी गोली, बेटा बोला- हत्या हुई
दक्षिणी दिल्ली के जसोला में 59 वर्षीय प्रापर्टी डीलर एहतेशामुद्दीन आजमी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो ...और पढ़ें

जसोला में प्रॉपर्टी डीलर की मौत। फोटो: सांकेतिक
HighLights
जसोला में 59 वर्षीय प्रापर्टी डीलर की गोली लगने से मौत
बेटे जैद ने पिता की हत्या की आशंका व्यक्त की
पुलिस मौके से पिस्टल बरामद कर मामले की जांच में जुटी
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी पूर्वी जिले के जसोला इलाके में बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से 59 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर एहतेशामुद्दीन आजमी की मौत हो गई। वह बी-114 फ्लैट में घायल हालत में मिले थे।
सूचना पर सरिता विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक पिस्टल, दो कारतूस और एक चला हुआ कारतूस बरामद हुआ है। स्वजन ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। जबकि बड़े बेटे जैद ने हत्या की आशंका जताई।
ऐसे में पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। क्राइम व फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस परिस्थिति में चली।
बड़े बेटे ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के बड़े बेटे जैद के मुताबिक घटना जसोला के सरकारी स्कूल के पास स्थित अशरफ नामक एक कारपेंटर के वर्कशॉप पर हुई, जहां उनके पिता अक्सर मॉर्निंग वॉक के बाद कुछ देर रुकते थे। जैद जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी में बीबीए के छात्र हैं।
परिवार में छोटा भाई और मां हैं। एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। जैद ने बताया कि उन्हें दोपहर 2:50 बजे उनके पिता के पार्टनर फहीम अब्बासी का फोन आया था। फहीम ने जैद को बताया कि उनके पिता ने खुद को गोली मार ली है।
जैद ने यह भी स्पष्ट किया कि फहीम अब्बासी उस वक्त घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे, बल्कि उन्हें किसी और से यह जानकारी मिली थी। खबर मिलने के बाद फहीम अब्बासी जैतपुर से जसोला स्थित अशरफ के वर्कशॉप पहुंचे थे।
बिजनेस लॉस से तनाव की जांच
हालांकि बेटे ने यह भी बताया कि बिजनेस लॉस में चलने की वजह से उनके पिता पिछले कुछ दिन से तनाव में चल रहे थे। पुलिस भी इस बिंदु का जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बैलिस्टिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह और घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सीमापुरी में 5 मंजिला इमारत गिरी, 3 की मौत; अब तक 11 लोगों का रेस्क्यू
