थप्पड़ कांड: दो दिन में विधायक जरनैल सिंह पर दो प्राथमिकी, सौरभ भारद्वाज और अन्य पर भी केस दर्ज
तिलक नगर-विकासपुरी में सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई में बदल गया है। विधायक जरनैल सिंह ...और पढ़ें

तिलक नगर सड़क विवाद: जरनैल सिंह पर दो FIR, सौरभ भारद्वाज व अन्य पर भी मामला दर्ज।
HighLights
विधायक जरनैल सिंह पर दो दिन में दो प्राथमिकी दर्ज।
सौरभ भारद्वाज और आप कार्यकर्ताओं पर हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप।
तिलक नगर-विकासपुरी सड़क निर्माण विवाद ने लिया नया मोड़।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। तिलक नगर-विकासपुरी में सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार पुलिस कार्रवाई में बदलता जा रहा है। विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ पिछले दो दिन में दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।
मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने सादे कपड़ों में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में आप नेता सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और कुछ आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इसमें पुलिस ने साहेब सिंह के खिलाफ भी अलग प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को अरविंद केजरीवाल के तिलक नगर दौरे के दौरान विकासपुरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अशोक सादे कपड़ों में वीडियो बना रहे थे।
हेड कांस्टेबल का मेडिकल परीक्षण कराया गया
इसी दौरान आप समर्थकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। बाद में पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बाहर निकाला। हेड कांस्टेबल का मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्राथमिकी में सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने और मारपीट से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
इससे एक दिन पहले पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता की शिकायत पर जरनैल सिंह और अन्य के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने तथा अधिकारियों को डराने-धमकाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
प्रवेश वर्मा के खिलाफ एनसीआर दर्ज
वहीं, साहेब सिंह की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले से जुड़ी अन्य शिकायतों को भी जांच में शामिल करने की बात कही है।
गौरतलब हो कि रविवार को रिंग रोड स्थित गुरुद्वारे के सामने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विवाद हुआ था। विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। इसके बाद निरीक्षण के लिए पहुंचे मंत्री प्रवेश वर्मा और आप नेताओं के बीच बहस हुई। इसी
दौरान प्रवेश वर्मा ने सामने आकर वीडियो बना रहे आप कार्य कर्ता साहेब सिंह को थप्पड़ मार दिया था। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद मामला आप पार्टी कार्य कर्ताओ के प्रदर्शन से लगातार बढ़ता गया। अब हेड कांस्टेबल से मारपीट की घटना ने इसे नया मोड़ दे दिया है।
