जाह्नवी कपूर की तस्वीर-नाम के गलत इस्तेमाल पर दिल्ली HC सख्त, कहा- 6884 URL पर एक साथ नहीं हो सकती कार्रवाई
दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के नाम और तस्वीर के अनधिकृत इस्तेमाल से जुड़े मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता गौतम भाटिया को न्याय मित्र नियुक्त किया है।

इंटरनेट पर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के नाम, तस्वीर और पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल से संबंधित है मामला।
HighLights
दिल्ली हाई कोर्ट ने जाह्नवी कपूर मामले में न्याय मित्र नियुक्त किया।
अभिनेत्री की पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल पर कोर्ट में याचिका।
कोर्ट ने 6,884 यूआरएल पर एक साथ कार्रवाई से इनकार किया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंटरनेट पर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के नाम, तस्वीर और पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल से जुड़े मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने व्यापक कानूनी सवालों की जांच के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता गौतम भाटिया को न्याय मित्र (एमिकस क्यूरी) नियुक्त किया है। न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी ने तीन सितंबर को यह नियुक्ति की।
मामले में जाह्नवी कपूर ने अपनी पहचान के दुरुपयोग को लेकर याचिका दायर की है। याचिका में इंटरनेट पर उनके नाम और छवि के इस्तेमाल के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री, उनकी पहचान की नकल करने और व्यावसायिक लाभ के लिए उनकी लोकप्रियता का इस्तेमाल किए जाने का मुद्दा उठाया गया है।
याचिका में अभिनेत्री की ओर से 6,884 यूआरएल की पहचान की गई है। हालांकि, हाईकोर्ट ने सभी लिंक को एक साथ हटाने के लिए व्यापक आदेश देने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया। अदालत अब सामग्री की प्रकृति और उसके इस्तेमाल के उद्देश्य के आधार पर इन लिंक को अलग-अलग श्रेणियों में देख रही है।
