रमजान के पहले जुमे की नमाज के दौरान जामा मस्जिद में दिखी रौनक
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : रमजान के पाक महीने के पहले जुमे की नमाज पढ़ने के लिए बड़ी सं
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
रमजान के पाक महीने के पहले जुमे की नमाज पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में नमाजी जामा मस्जिद पहुंचे। देश की खुशहाली, सुख और समृद्धि की उन्होंने दुआ मांगी। सुबह 11 बजे से ही नमाजी यहां पर जुटना शुरू हो गए थे, जो दिल्ली-एनसीआर के इलाकों से पहुंचे थे। इनमें कुछ नमाजी ऐसे भी थे, जो पहली बार यहां पर नमाज के लिए आए थे।
बच्चों से लेकर बुजुर्गो में पहले जुमे की नमाज को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस पाक महीने की खुशी उनके चेहरे पर साफतौर पर दिख रही थी। जामा मस्जिद परिसर की रौनक देखने लायक थी। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जामा मस्जिद परिसर में नमाज के लिए खास व्यवस्था की गई थी। परिसर के काफी हिस्से में टेट लगाया गया, ताकि नमाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशान न हो।
महिलाओं ने भी एक जगह एकत्रित होकर नमाज पढ़ी। जामा मस्जिद में 1 बजे नमाज शुरू हुई थी। इसके लिए आखिरी समय में नमाजी भागते-दौड़ते हुए भी आए। नमाज के बाद जरूरतमंदों को दान देते हुए भी नमाजी दिखे। गुरुग्राम से पूरे परिवार के साथ यहां पहुंचे अब्दुल रहमान ने बताया कि उन्होंने आज तक जामा मस्जिद परिसर में नमाज अदा नहीं की थी। इसलिए अपने बच्चों के साथ यहां पर आए, जिन्होंने रोजा रखा है। शाम का रोजा खोलने के बाद ही यहां से जाएंगे, वहीं मीना बाजार में नमाजी खरीदारी करते हुए भी दिखे।
इफ्तार के लिए जामा मस्जिद में जुटी भीड़
शाम को जामा मस्जिद परिसर की रौनक देखने लायक थी। बड़ी संख्या में रोजेदारों ने इफ्तार किया। पहले जुमे का इफ्तार होने की वजह से परिसर पूरा गुलजार नजर आ रहा था। पहली बार रोजा रखने वालों की खुशी इफ्तार को लेकर दोगुनी थी।