विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस बार हनुमान जयंती पर जहांगीरपुरी में दो किलोमीटर तक निकाली जाएगी शोभा यात्रा, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Published: Mon, 30 Mar 2026 11:37 PM (IST)

जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती शोभायात्रा इस बार 2 किलोमीटर तक निकाली जाएगी, जो पिछले साल 500 मीटर थी। 2022 के ...और पढ़ें

जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर दो किलोमीटर तक निकाली जाएगी शोभायात्रा।

जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर दो किलोमीटर तक निकाली जाएगी शोभायात्रा।

HighLights

  1. शोभायात्रा का मार्ग 500 मीटर से 2 किलोमीटर हुआ।

  2. 2022 के दंगों के बाद बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था।

  3. अमन समिति बैठक में शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। हनुमान जयंती पर जहांगीरपुरी में वर्ष 2022 में हुए दंगे के बाद से थाने वाले रोड पर महज 500 मीटर की दूरी तक निकलती थी, इस बार करीब दो किलोमीटर तक निकाली जाएगी। उत्तरी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि संवेदनशील माने जाने वाले जहांगीरपुरी समेत पूरे जिले में बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

पूर्व में ऐसे अवसर पर हुई घटनाओं को देखते हुए विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं। शोभायात्रा को सुरक्षा और ट्रैफिक आकलन के बाद तय व विनियमित मार्ग पर ही संचालित किया जाएगा। जुलूस निर्धारित समयावधि में ही पुलिस निगरानी में निकलेगा और प्रतिभागियों को तय रूट व पुलिस निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।

इन जगहों से होकर निकलेगी शोभायात्रा

शोभायात्रा दिल्ली जलबोर्ड डीडीए फ्लैट्स जहांगीर पुरी से शुरू होकर टी-पाइंट, महिंद्रा पार्क थाना मार्ग, डीडीए ए-ब्लाक डिवाइडिंग रोड, एमएलए रोड, बृजवासी स्वीट्स, रशीला पेंट्स, मंगल बाजार चौक, अग्रवाल स्वीट्स (एच-2 ब्लाक), 1500 वाली गली (जी व ए ब्लाक), धोबी घाट टी-पाइंट, शाह आलम बांध रोड गोलचक्कर होते हुए आदर्श नगर स्थित साईं मंदिर पर समाप्त होगी।

जुलूस में शामिल हो सकेंगे 500 लोग

पुलिस ने जुलूस में अधिकतम 500 लोगों की भागीदारी तय की है। किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी, आग्नेयास्त्र या खतरनाक वस्तु ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। भड़काऊ नारेबाजी, भाषण या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जा सकेगा। आयोजकों को पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने होंगे। मार्ग पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी अनिवार्य होगी।

सुरक्षा व ट्रैफिक के विशेष इंतजाम

जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, पिकेट्स, गहन पेट्रोलिंग की जाएगी। ड्रोन व सीसीटीवी के जरिए रियल-टाइम निगरानी रखी जाएगी। आम लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन योजना भी लागू रहेगी। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात सलाह का पालन करें, पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें।

हनुमान जयंती से पूर्व अमन समिति की हुई बैठक

दो अप्रैल को आयोजित होने वाले हनुमान जयंती पर्व के मद्देनजर उत्तर-पश्चिम जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर जहांगीरपुरी, पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस थाना जहांगीरपुरी में अमन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सिकंदर सिंह, एसीपी शालीमार बाग रोहित गुप्ता, थाना स्टाफ व स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य स्थानीय लोगों के साथ समन्वय को मजबूत करना तथा पर्व के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा दिशा-निर्देशों के पालन पर विस्तार से चर्चा की गई। यह भी स्पष्ट किया गया कि हनुमान जयंती शोभायात्रा निर्धारित मार्ग एवं तय समय-सीमा के भीतर कड़ी निगरानी में निकाली जाएगी। क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि शांति बनाए रखें, आपसी भाईचारे को बढ़ावा दें तथा सद्भाव बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में निगम की बड़ी कार्रवाई, ज्वालापुरी और निहाल विहार में दो सर्विस स्टेशन सील