बाहर घूम रहे लड़कों को टोकना युवक को पड़ा भारी, पत्थर से वार कर की हत्या
लॉकडाउन के दौरान देर रात गली में घूम रहे दो लड़कों को टोकना एक युवक को भारी पड़ गया। दोनों लड़कों को यह टोकाटाकी इस कदर नागवार गुजरी कि उन्होंने युवक पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। सागरपुर थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरु की। मृतक की पहचान कृष्ण के रूप में हुई।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : लॉकडाउन के दौरान देर रात गली में घूम रहे दो लड़कों को टोकना एक युवक को भारी पड़ गया। दोनों लड़कों को यह इस कदर नागवार गुजरी कि उन्होंने युवक पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। सागरपुर थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू की। मृतक की पहचान कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हत्या के दोनों आरोपित पकड़े गए हैं। आरोपितों में एक नाबालिग है। फिलहाल नाबालिग को बाल सुधारगृह और बालिग आरोपित को जेल भेज दिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कृष्ण अपने परिवार के साथ सागरपुर इलाके में रहते थे। वे करोल बाग में एक कपड़े के शोरूम पर काम करते थे। उनके ऊपर पूरे परिवार का भरण पोषण करने की जिम्मेदारी थी। हत्या के दोनों आरोपित भी कृष्ण के घर के पास ही रहते हैं। कुछ दिन पहले आरोपित देर रात गली में घूम रहे थे। इसी दौरान कृष्ण अपने काम पर से घर लौट रहे थे। उन्होंने दोनों को देर रात घूमने पर टोका और बोला कि लॉकडाउन में बेवजह बाहर क्यों घूम रहे हो, अपने घर चले जाओ। ऐसा कहने पर दोनों आरोपित कृष्ण से भिड़ गए। हालांकि उस दिन झगड़ा समाप्त हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए। एक बार फिर बुधवार रात को दोनों कृष्ण के घर के बाहर पहुंचे और उनके घर पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। कई पत्थर मार कर आरोपी वहां से भागने लगे। उन्हें देखकर कृष्ण ने उनका पीछा किया। गली से बाहर आते ही आरोपितों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। कृष्ण ने आरोपितों को जवाब दिया तो एक आरोपित ने पीछे से उन्हें पकड़ लिया और दूसरे ने ईंट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। आरोपित इसके बाद मौके से फरार हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने घायल के स्वजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजन घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्वजनों के बयान पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित हत्या के बाद अपने घर के नजदीक ही एक दोस्त के घर छिपे थे। पुलिस ने वहां छापा मार कर दोनों को पकड़ लिया।