यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Indian Railways: टिकट कैंसिल के बाद रिफंड के लिए न हो परेशान, रेलवे ने नियम में किया बदलाव
Indian Railways रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रिफंड के नियम में अस्थायी तौर पर बदलाव किया है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। इन दिनों आपकी ट्रेन रद होती है या आपने एहतियात के तौर पर खुद यात्रा स्थगित कर दी है, तो किराया वापसी के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रिफंड के नियम में अस्थायी तौर पर बदलाव किया है। शनिवार से किया गया यह बदलाव 15 अप्रैल तक लागू रहेगा। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए रेल प्रशासन कई कदम उठा रहा है। काफी संख्या में ट्रेनें रद हो रही हैं।
वहीं, यात्री भी यात्रा स्थगित कर रहे हैं जिससे रेलवे स्टेशनों पर सन्नाटा पसरने लगा है। इस स्थिति में आरक्षण केंद्र जाकर टिकट खरीदने वाले यात्रियों को यात्रा नहीं करने पर किराया वापसी में कोई परेशानी नहीं हो इसे ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। ई-टिकट खरीदने वालों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
ट्रेन रद होने की स्थिति में
अगर 21 मार्च से 15 अप्रैल के बीच रेल प्रशासन कोई ट्रेन रद करता है तो यात्रा की तारीख से 45 दिनों के भीतर टिकट जमाकर काउंटर से रिफंड लिया जा सकता है। अब तक यह ट्रेन रवाना होने के तीन दिन के अंदर टिकट जमा करना होता था।
यात्री ने यात्रा स्थगित कर दी हो
यदि ट्रेन रद नहीं हुई है, लेकिन यात्री सफर नहीं करना चाहता है, तो उसे ट्रेन रवाना होने की तारीख से 30 दिनों के अंदर टिकट जमा करने की रसीद (टीडीआर) फाइल करके रसीद लेना होगा। इसके बाद टीडीआर को क्लेम कार्यालय में 60 दिनों के अंदर जमा करने पर रिफंड मिलेगा। यह प्रतीक्षा सूची व कंफर्म टिकट दोनों पर लागू होगा।
139 नंबर पर टिकट रद कराने पर
अगर कोई यात्री टेलीफोन नंबर 139 की मदद से अपना टिकट रद कराता है तो वह यात्र के दिन से 30 दिनों के अंदर टिकट काउंटर से रिफंड प्राप्त कर सकता है।
पीओएस मशीन से टिकट बुक कराने वालों को नहीं होगी परेशानी
रेलवे आरक्षण केंद्र में डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिये प्वाइंट ऑफ सेल्स (पीओएस) मशीन से टिकट बुक कराने वालों को अब इसे रद कराने में परेशानी नहीं होगी। अब यात्र स्थगित करने वाले यात्री आरक्षण केंद्र में जाकर किसी भी काउंटर पर जाकर टिकट रद करा सकेंगे। पहले सिर्फ पीओएस मशीन वाले काउंटर पर ही यह सुविधा होती थी। वहीं अब किराये की राशि भी सीधे खाते में भेज दी जाएगी।
टिकट काउंटर पर नकद भुगतान को कम करने के लिए पीओएस मशीन से डेबिट कार्ड व क्रेडिट कार्ड के जरिये टिकट बुक कराने की सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा का लाभ उठाने वाले यात्रियों को यात्रा स्थगित करने पर टिकट रद कराने में दिक्कत होती थी, क्योंकि उसे पीओएस मशीन वाले काउंटर पर ही जाना पड़ता था। यात्रियों को अब इस तरह की परेशानी नहीं होगी।
ट्रेन बंद होने से लोग परेशान
जनता कर्फ्यू के दौरान अधिकांश ट्रेनें बंद हैं। शनिवार रात 12 बजे के बाद रवाना होने वाली ट्रेनों का परिचालन नहीं हो रहा है। रविवार रात दस बजे तक यह पाबंदी रहेगी। जनता कर्फ्यू की वजह से लोकल ट्रेनें भी नहीं चलेंगी। इस फैसले से रेलकर्मी परेशान हैं। उन्हें अपने कार्य स्थल पर पहुंचने की चिंता हो रही है। रेल अधिकारियों का कहना है कि इससे कर्मचारियों की कमी से जरूरी काम बाधित हो सकता है।
