पावर बैंक ब्लास्ट के बाद रेलवे का बड़ा फैसला, अब रात 11 से सुबह 5 बजे तक ट्रेन में नहीं मिलेगी ये सुविधा
रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने का सख्त ...और पढ़ें

ट्रेन में पावर ब्लास्ट के बाद रेलवे का बड़ा फैसला। फोटो: एआई जनरेटेड
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। ट्रेनों में सफर के दौरान मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को रात में चार्ज करना अब यात्रियों के लिए संभव नहीं होगा।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है।
हाल ही में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस नियम के पालन में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन
रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को जारी पत्र में कहा है कि संबंधित कर्मचारियों को निर्देशों के प्रति जागरूक करने के साथ प्रशिक्षित भी किया जाए। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि निर्धारित समय पर चार्जिंग प्वाइंट की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। बोर्ड ने इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी है।
पावर बैंक फटने से कोच में फैला धुआं
हाल में रेलवे के दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्र में चार्जिंग के दौरान यात्री का पावर बैंक फटने की घटना सामने आई थी। इससे कोच में धुआं फैल गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना ने ट्रेन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने के दौरान होने वाले खतरे को फिर उजागर किया। रेलवे के अनुसार, निर्धारित समय में चार्जिंग प्वाइंट बंद करने के निर्देशों का पालन नहीं किया गया था।
2014 से लागू है व्यवस्था
ट्रेनों में रात के समय चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने का निर्देश नया नहीं है। रेलवे ने 19 जून 2014 को ही रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक चार्जिंग प्वाइंट बंद रखने का नियम लागू किया था।
बेंगलुरु-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त की सिफारिश पर यह कदम उठाया गया था। मार्च 2021 में भी रेलवे ने इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया था।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि रात की यात्रा शुरू करने से पहले मोबाइल और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज कर लें, ताकि यात्रा के दौरान निर्धारित छह घंटे तक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध नहीं होने से परेशानी न हो।
