विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2030 तक 130 अरब डॉलर का होगा भारत का फार्मा कारोबार, 2047 का लक्ष्य 400 अरब डॉलर

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:47 PM (IST)

भारतीय फार्मा उद्योग 2030 तक 130 अरब डॉलर और 2047 तक 400 अरब डॉलर का कारोबार हासिल करने की राह पर है। वर्तमान में यह 60-70 अरब डॉलर का उद्योग है, जिसने पिछले पांच वर्षों में 9.2% की औसत वृद्धि दर्ज की है।

यशोभूमि में सोमवार को सीपीएचआई इंडिया 2026 के उद्घाटन अवसर के दौरान मंच का दृश्य।

यशोभूमि में सोमवार को सीपीएचआई इंडिया 2026 के उद्घाटन अवसर के दौरान मंच का दृश्य।

HighLights

  1. भारतीय फार्मा उद्योग 2030 तक 130 अरब डॉलर का लक्ष्य।

  2. 2047 तक 400 अरब डॉलर कारोबार पहुंचने की महत्वाकांक्षा।

  3. चिकित्सा उपकरणों का घरेलू विनिर्माण भी तेजी से बढ़ा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत का फार्मास्युटिकल उद्योग वर्ष 2030 तक 130 अरब डालर का कारोबार हासिल करने की ओर बढ़ रहा है। वर्तमान में 60 से 70 अरब डॉलर के आकार वाला यह उद्योग 2047 तक 400 अरब डालर तक पहुंचने की महत्वाकांक्षा रखता है। सोमवार को यशोभूमि में सीपीएचआई इंडिया 2026 के उद्घाटन अवसर पर उद्योग विशेषज्ञों ने यह उम्मीद जताई।

चिकित्सा उपकरणों का घरेलू विनिर्माण बढ़ा

इनफार्मा मार्केट्स इन इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का फार्मा कारोबार 5.08 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र ने औसतन 9.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। चिकित्सा उपकरणों का घरेलू विनिर्माण भी 2019-20 के 28 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 41,500 करोड़ रुपये हो गया है।

आधुनिक उपचारों पर निवेश बढ़ाना जरूरी

सीडीएससीओ के संयुक्त औषधि नियंत्रक डा चंद्रशेखर रंगा ने कहा कि नियामक प्रक्रियाओं के 95 प्रतिशत से अधिक डिजिटलीकरण, संशोधित शेड्यूल एम और क्यूआर कोड आधारित निगरानी से दवाओं की गुणवत्ता मजबूत होगी।

फार्मेक्सिल के महानिदेशक के. राजा भानु ने बताया कि भारत करीब 200 देशों को दवाओं का निर्यात कर रहा है। वहीं, उद्योग विशेषज्ञों ने अनुसंधान, बायोसिमिलर और आधुनिक उपचारों पर निवेश बढ़ाने की जरूरत बताई।

50 हजार से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद

इस बार सीपीएचआई इंडिया 23 से 25 नवंबर तक यशोभूमि और पीएमईसी इंडिया 24 से 26 नवंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो रहा है। दोनों आयोजनों में 2,000 से अधिक प्रदर्शकों और 120 से ज्यादा देशों के 50 हजार से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।