विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दौड़ के बाद न तो पसीना, न ही चेहरे पर थकान; दिल्ली पुलिस भर्ती में पकड़ा गया मुन्नाभाई

Published: Fri, 25 Sep 2026 08:58 AM (IST)

दिल्ली पुलिस अकादमी में कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक परीक्षा में फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक अभ्यर्थी ने अपने स्थान पर ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस भर्ती में फर्जीवाड़ा करते पकड़ा गया अभ्यथी। फोटो: आर्काइव

दिल्ली पुलिस भर्ती में फर्जीवाड़ा करते पकड़ा गया अभ्यथी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ

  2. असली अभ्यर्थी ने नकली व्यक्ति को परीक्षा में भेजा

  3. दौड़ के बाद पसीना न होने से फर्जीवाड़ा पकड़ा गया

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में चल रही कांस्टेबल पद की शारीरिक दक्षता एवं माप परीक्षा (पीईएमटी) में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है।

एक अभ्यर्थी ने शारीरिक परीक्षा पास कराने के लिए अपने स्थान पर दूसरे व्यक्ति को दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद में शामिल करा दिया। शारीरिक गतिविधियों के बाद कद और सीने की माप के समय असली अभ्यर्थी को संदिग्ध हालत में पकड़ लिया गया।

आरोपी की पहचान सोनिपत स्थित डाकघर सिलाना निवासी 19 वर्षीय अक्षत के रूप में हुई है। सोनिया विहार थाना ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शारीरिक परीक्षा में दूसरे को उतारा

दौड़ के बाद अक्षत के शरीर पर न तो पसीना था और न ही धूल के निशान। वहां मौजूद अन्य अभ्यर्थियों ने भी उसकी पहचान पर सवाल उठाते हुए बताया कि शारीरिक गतिविधियों में शामिल व्यक्ति अक्षत नहीं था।

इसके बाद अधिकारियों ने उससे लगातार पूछताछ की अक्षत ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके भाई ने उसकी शारीरिक परीक्षा देने के लिए एक अन्य व्यक्ति की व्यवस्था की थी। वह व्यक्ति फर्जी प्रवेश पत्र का इस्तेमाल कर परीक्षा स्थल में दाखिल हुआ और अक्षत की जगह शारीरिक दक्षता परीक्षा दी।

बायोमीट्रिक जांच में खुला फर्जीवाड़ा

परीक्षा पूरी करने के बाद उसने अपना चेस्ट नंबर अक्षत को दे दिया, ताकि वह बायोमीट्रिक जांच और कद-सीने की माप की प्रक्रिया पूरी कर सके।

परीक्षा स्थल से निकल जाने के बाद अक्षत बायोमीट्रिक और माप के लिए पहुंचा था, लेकिन उसकी संदिग्ध स्थिति के कारण पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। पुलिस आरोपी के भाई व फर्जी अभ्यर्थी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- नागा विद्रोही मसासासोंग को मिली जमानत, 2021 के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली HC का फैसला