IIIT दिल्ली में PhD एडमिशन शुरू, हर महीने मिलेगी 60 हजार रुपये फेलोशिप; 15 नवंबर तक करें अप्लाई
इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी)-दिल्ली ने शीतकालीन सत्र 2026 के लिए पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 है।

IIIT Delhi में पीएचडी को लेकर दाखिले शुरू। फोटो: आर्काइव
HighLights
IIIT-दिल्ली में शीतकालीन सत्र 2026 के लिए पीएचडी दाखिले शुरू।
छह विषयों में पीएचडी का अवसर, आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर।
पात्र शोधार्थियों को प्रतिमाह 60,000 रुपये की फेलोशिप मिलेगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (III)-दिल्ली ने शीतकालीन सत्र 2026 के लिए पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शोध के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थी 15 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान की ओर से इस बार छह विषयों में पीएचडी करने का अवसर दिया जा रहा है।
इनमें कंप्यूटेशनल बायोलाजी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, ह्यूमन-सेंटर्ड डिजाइन, गणित तथा सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी शामिल हैं। प्रत्येक विषय के लिए पात्रता मानदंड और आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
छह विषयों में पीएचडी करने का अवसर
पीएचडी के पूर्णकालिक शोधार्थियों को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। पात्र शोधार्थियों को प्रतिमाह 60 हजार रुपये की फेलोशिप मिलेगी। इसके अतिरिक्त लैपटॉप या डेस्कटॉप खरीदने और शोध से जुड़े अन्य खर्चों के लिए भी सहायता का प्रावधान है।
शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध का अनुभव प्राप्त करने के लिए विदेश की प्रयोगशालाओं में दो सप्ताह तक के दौरे हेतु 1.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, सम्मेलनों और कार्यशालाओं में भाग लेने के लिए 2.5 लाख रुपये का प्रोफेशनल डेवलपमेंट अलाउंस भी दिया जाएगा।
शोधार्थियों को मिलेगी 60 हजार की फेलोशिप
संस्थान के अकादमिक मामलों के डीन प्रो. सुमित दरक ने कहा कि आईआईआईटी-दिल्ली में शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध, विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन और विभिन्न विषयों के बीच सहयोग का अवसर मिलता है।
संस्थान के पीएचडी स्नातक देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षण और उद्योग जगत में महत्वपूर्ण शोध भूमिकाओं में कार्य कर रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी https://iiitd.ac.in/admission/phd/oct2026 पर आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए phd-admissions@iiitd.ac.in पर संपर्क किया जा सकता है।
