दिल्ली के बच्चों को बड़ी सौगात, 3 महीने में खुलेंगे 7 नए थीम पार्क; ऑक्टोपस और गरुड़ थीम होगी खास
दिल्ली में बच्चों के लिए अमृत योजना के तहत विकसित किए गए सात थीम पार्क नवंबर से जनवरी के बीच ...और पढ़ें

दिल्ली में बच्चों के लिए बनाए जाएंगे थीम पार्क। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में बच्चों को खेलकूद के साथ सीखने का अवसर देने के लिए विकसित किए जा रहे सात थीम नवंबर से जनवरी में चरणबद्ध तरीके से खुल सकते हैं।
एमसीडी इसकी तैयारी में जुटी है। अमृत योजना के तहत तैयार हुए इन पार्कों को खास तौर पर छोटे बच्चों के मनोरंजन और खेलकूद को ध्यान में रखकर तैयार किया गया। जिसमें ऑक्टोपस, गरुड़, मक्खी, समुद्री जीव जैसी थीम पर तैयार किया गया है।
सात थीम पार्क चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया करोल बाग के अजमल खां पार्क के एक हिस्से को ऑक्टोपस थीम पर विकसित किया जा रहा है। ग्रेटर कैलाश-दो के एम ब्लाक पार्क में गरुड़ की थीम होगी।
साकेत में पीवीआर के पास स्थित पार्क में कीट-पतंगों की आकृतियां होंगी। वहीं, लक्ष्मी नगर जिला केंद्र के पास स्वास्थ्य विहार पार्क को समुद्री जीवों की थीम पर तैयार किया जा रहा है।
मयूर विहार फेज तीन के एक पार्क में मोर की थीम होगी। अन्य दो पार्कों में भी अलग-अलग थीम पर विकसित किया जा रहा है।
खेल के साथ ज्ञान भी अर्जित करेंगे बच्चे
अधिकारी ने बताया यह पार्क ऐसे हैं जो न केवल देखने में छोटे बच्चों को आकर्षक लगेंगे बल्कि बच्चे इनके साथ खेल सकेंगे और ज्ञान भी अर्जित कर सकेंगे।
झूले, स्लाइडिंग और चढ़ने वाले खेल और जाल, घुमावदार सुरंग जैसी थीम है। साकेत के पीवीआर के पास पार्क में कीट-पतंगों वाले पार्क में मकड़ी के आकार के रोप क्लाइंबर, चींटी के आकार की स्लाइडिंग हैं और मधुमक्खी के छत्ते जैसी सुरंगें होंगी।
ऑक्टोपस थीम पार्क में ऑक्टोपस की बाजुओं में स्लाइडिंग हैं, जहां बच्चे इसे देखकर खुश भी होंगे और उन्हें खेलने में भी आनंद आएगा।
निगम अधिकारी के अनुसार इन पार्कों में कुछ खिलौने ऐसे भी लगाए जाएंगे, जिसमें बच्चे खेलने के साथ ज्ञान भी अर्जित कर सकेंगे। जिसमें क-ख-ग से लेकर पशु और पक्षियों के नाम और उनकी पहचान भी शामिल है।
यह भी पढ़ें- दीपालवी से पहले यूपी के यात्रियों को बड़ी राहत: दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, होंगे 20 कोच
