आईआईआईटी दिल्ली में अत्याधुनिक डेटा सेंटर की स्थापना, शोध को मिलेगा नया आयाम
आईआईआईटी दिल्ली एक अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित कर रहा है, जो डिजिटल सेवाओं को मजबूत करेगा और शोध व नवाचार ...और पढ़ें

इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) दिल्ली ने अपने तकनीकी ढांचे को मजबूत करने की बड़ी पहल शुरू की। (एआई जेनरेटेड)
HighLights
आईआईआईटी दिल्ली में नया डेटा सेंटर स्थापित होगा।
यह शोध और नवाचार को बढ़ावा देगा।
उन्नत सुरक्षा और तकनीकी सुविधाएं होंगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डिजिटल युग में डेटा को नई पूंजी माना जा रहा है और इसी दिशा में इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) दिल्ली ने अपने तकनीकी ढांचे को मजबूत करने की बड़ी पहल शुरू की है। संस्थान में अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है, जो न केवल डिजिटल सेवाओं को सुदृढ़ करेगा बल्कि शोध और नवाचार गतिविधियों को भी नई गति देगा।
प्रस्तावित डेटा सेंटर लगभग 1500 वर्गफुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसमें 28 से 30 सर्वर रैक स्थापित किए जाएंगे। इसका डिजाइन अंतरराष्ट्रीय उद्योग मानकों के अनुरूप होगा। संस्थान ने इसके निर्माण के लिए एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी कर अनुभवी एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं, जिससे परियोजना को विशेषज्ञता के साथ लागू किया जा सके।
सुरक्षा के लिहाज से यह डेटा सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। पूरे परिसर में सीसीटीवी आधारित निगरानी, आधुनिक एक्सेस कंट्रोल सिस्टम और उपकरणों की सुरक्षा के लिए रेपेलेंट सिस्टम लगाया जाएगा। इसके साथ ही तापमान नियंत्रण के लिए प्रिसिजन एयर कंडीशनिंग, कूलिंग डिस्ट्रीब्यूशन और कंटेनमेंट तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे सर्वरों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।
भविष्य की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी
आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए उन्नत फायर डिटेक्शन और गैस आधारित फायर सप्रेशन सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना से संस्थान के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलने के साथ भविष्य की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि आईआईआईटी-दिल्ली पहले ही स्पेस टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की घोषणा कर चुका है, जो सैटेलाइट नेविगेशन, ग्लोबल नेविगेशन सिस्टम, रेडियो फ्रीक्वेंसी और अंतरिक्ष साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में शोध को बढ़ावा देगा। ऐसे में नया डेटा सेंटर संस्थान को उन्नत तकनीकी अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
