IIIT Delhi के छात्रों ने ‘कोडिंग ओलिंपिक’ के वर्ल्ड फाइनल्स में बनाई जगह, 111 देशों के 3000 कॉलेज ने लिया हिस्सा
इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के तीन छात्रों ने ICPC वर्ल्ड फाइनल्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर संस्थान का नाम रोशन किया है।

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।
HighLights
आईआईआईटी दिल्ली के तीन छात्रों ने वर्ल्ड फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया।
टीम 'वीक टेस्टकेस' दुबई में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
ICPC को दुनिया भर में कोडिंग का ओलंपिक कहा जाता है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आईआईआईटी दिल्ली) के तीन छात्रों ने विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धी प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता इंटरनेशनल कॉलेजएट प्रोग्रामिंग कॉन्टेस्ट (आईसीपीसी) वर्ल्ड फाइनल्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर संस्थान का नाम वैश्विक मंच पर रोशन किया है। वीक टेस्टकेस नामक टीम अब नवंबर 2026 में दुबई में आयोजित होने वाले विश्व फाइनल्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
टीम में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र अभिषेक, बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के छात्र जतिन अग्रवाल और पीयूष केशन शामिल हैं। आईआईआईटी दिल्ली के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि संस्थान चौथी बार आईसीपीसी वर्ल्ड फाइनल्स में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है।
आईसीपीसी को दुनिया भर में कोडिंग का ओलिंपिक कहा जाता है। इसमें 111 देशों के लगभग 3,000 कॉलेज की टीमें हिस्सा लेती हैं। प्रतिभागियों को सीमित समय में जटिल एल्गोरिदमिक समस्याओं का समाधान कर अपनी तार्किक क्षमता, प्रोग्रामिंग कौशल और टीमवर्क का प्रदर्शन करना होता है।
कई कठिन चरण पार कर फाइनल्स में पहुंची टीम
वर्ल्ड फाइनल्स तक पहुंचने के लिए टीम ने कई कठिन चरण पार किए। पहले ऑनलाइन प्रारंभिक दौर में हजारों टीमों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, फिर क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की और अंततः एशिया वेस्ट कान्टिनेंटल चैंपियनशिप में शीर्ष टीमों को चुनौती देते हुए फाइनल्स का टिकट हासिल किया।
आईआईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. देबज्योति बेरा ने इसे संस्थान की प्रतिस्पर्धी प्रोग्रामिंग संस्कृति का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत, समस्या-समाधान क्षमता और समर्पण ने यह उपलब्धि संभव बनाई है।
वहीं टीम सदस्य पीयूष ने कहा कि वर्ल्ड फाइनल्स तक का सफर सीखने, निरंतर अभ्यास और टीमवर्क का शानदार अनुभव रहा है। दुबई में होने वाले आईसीपीसी वर्ल्ड फाइनल्स 2026 का विशेष महत्व है, क्योंकि यह प्रतियोगिता का 50वां संस्करण होगा। इसमें दुनिया की 130 से अधिक शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी।
