विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में 5% की बढ़ोतरी, हवाई यातायात में भी आई तेजी

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:26 PM (IST)

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डाटा के मुताबिक ...और पढ़ें

दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, जागरण आर्काइव।

दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, जागरण आर्काइव।

HighLights

  1. IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में 5% की वृद्धि।

  2. चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 3.85 करोड़ यात्री।

  3. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों श्रेणियों में बढ़ोतरी दर्ज।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्टपर यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान एयरपोर्ट से कुल 3.85 करोड़ यात्रियों ने सफर किया।

पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 3.67 करोड़ था। इस तरह सालाना आधार पर यात्री यातायात में करीब पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

हर श्रेणी में बढ़ी यात्रियों की संख्या

एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी जीएमआर एयरपोर्ट्स की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों श्रेणियों में यात्रियों की संख्या बढ़ी। घरेलू यात्रियों का आंकड़ा 2.81 करोड़ रहा, जबकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 1.04 करोड़ तक पहुंच गई।

विमानों की आवाजाही में भी तेजी

यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही आइजीआइ एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही में भी इजाफा हुआ है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में एयर ट्रैफिक मूवमेंट (एटीएम) 6.9 प्रतिशत बढ़कर 2,33,331 पर पहुंच गया।

एटीएम के तहत एयरपोर्ट पर विमानों के उड़ान भरने और उतरने की गतिविधियों को गिना जाता है। इस अवधि में एयरपोर्ट पर हर महीने औसतन करीब 65 लाख यात्रियों का आवागमन हुआ।

पिछले साल कई वजहों से प्रभावित हुआ था यातायात 

पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में आइजीआइ एयरपोर्ट पर यात्री यातायात में गिरावट देखने को मिली थी। उस दौरान हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों, भू-राजनीतिक परिस्थितियों और उड़ानों में अस्थायी व्यवधानों का असर पड़ा था।

इसके अलावा एयरपोर्ट के रनवे 10/28 पर अपग्रेडेशन कार्य भी चल रहा था। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट से कुल 7.87 करोड़ यात्रियों ने आवाजाही की थी।बाक्स

IGI एयरपोर्ट पर तीन टर्मिनल और चार रनवे

आइजीआइ एयरपोर्ट पर फिलहाल तीन टर्मिनल टी1, टी2 और टी3 और चार रनवे हैं। इन टर्मिनलों की मौजूदा वार्षिक यात्री क्षमता 4.2 करोड़, 1.4 करोड़ और 5 करोड़ है। इस तरह एयरपोर्ट की कुल सालाना यात्री प्रबंधन क्षमता करीब 10.6 करोड़ है।

टर्मिनल-3 पर घरेलू यात्रियों के लिए 1.9 करोड़ और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 3.1 करोड़ की वार्षिक क्षमता निर्धारित है। एयरपोर्ट के अगले दस वर्षों के मास्टर प्लान में कुल क्षमता को बढ़ाकर 12.5 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष करने की योजना है। प्रस्तावित क्षमता में घरेलू यात्रियों के लिए 8.6 करोड़ और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 3.9 करोड़ की व्यवस्था होगी।

यह भी पढ़ें- बिहार जाने वालों की बल्ले-बल्ले, नई दिल्ली-पटना के बीच चलेगी स्पेशल वंदे भारत ट्रेन; शेड्यूल जारी