विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर बायोमेट्रिक जांच में फर्जी पहचान का खुलासा, कनाडा जा रही महिला गिरफ्तार

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:45 AM (IST)

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर बायोमेट्रिक जांच में फर्जी पहचान और पासपोर्ट का इस्तेमाल करने वाली एक महिला प्रीति ग्रेवाल को कनाडा जाते समय गिरफ्तार किया गया।

आईजीआई एयरपोर्ट पर महिला यात्री गिरफ्तार। AI जनरेटेड इमेज

आईजीआई एयरपोर्ट पर महिला यात्री गिरफ्तार। AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. आईजीआई एयरपोर्ट पर फर्जी पहचान से यात्रा कर रही महिला पकड़ी गई।

  2. बायोमेट्रिक जांच से कनाडा जा रही प्रीति ग्रेवाल की पोल खुली।

  3. महिला पर फर्जी दस्तावेज और पहचान छिपाने का आरोप लगा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान फर्जी पहचान और पासपोर्ट के इस्तेमाल का मामला सामने आया है।

बायोमेट्रिक जांच में पहचान उजागर होने के बाद कनाडा जा रही एक महिला को पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान प्रीति ग्रेवाल के रूप में हुई है। वह टोरंटो जाने के लिए एयर कनाडा की उड़ान संख्या एसी-043 पकड़ने पहुंची थी।

जांच में सामने आया कि उसने यूनाइटेड किंगडम (यूके) की नागरिक नवदीप कौर की पहचान का इस्तेमाल कर पहले भी विदेश यात्रा की थी।

पुलिस के अनुसार, इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दौरान भारतीय पासपोर्ट पर यात्रा कर रही प्रीति के बायोमेट्रिक्स का बायो वेब पोर्टल पर मिलान किया गया।

मामले की जांच शुरू

जांच में उसका बायोमेट्रिक रिकार्ड यूके की नागरिक नवदीप कौर के पासपोर्ट से मेल खा गया। इसके बाद अधिकारियों को पहचान संबंधी फर्जीवाड़े का संदेह हुआ और मामले की जांच शुरू की गई।

नई दिल्ली से विदेश यात्रा की

इमिग्रेशन द्वारा पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, प्रीति ने 21 जनवरी 2017 को नवदीप कौर की पहचान और यूके के पासपोर्ट का इस्तेमाल कर नई दिल्ली से विदेश यात्रा की थी। बाद में 5 जून 2017 को मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर उसे अस्वीकार्य यात्री घोषित कर डिपोर्ट कर दिया गया था।

इसके बाद उसने कमलप्रीत कौर के नाम से जारी अपने पुराने भारतीय पासपोर्ट के जरिए अमृतसर एयरपोर्ट से भारत में प्रवेश किया था।

आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात एसीआइओ-द्वितीय पंकज चंद की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी पर पहचान छिपाने, कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने और पासपोर्ट संबंधी धोखाधड़ी के आरोप हैं।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब आरोपी की पहचान और यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है।साथ ही उसे फर्जी दस्तावेज बनवाने और उपलब्ध कराने वाले की भी पहचान की जा रही है।

यह भी पढ़ें- आईजीआई एयरपोर्ट पर तस्करी कर लाए 45.86 लाख रुपये का सोना बरामद, पुलिस ने दर्ज किया केस