विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGI एयरपोर्ट के ड्यूटी फ्री स्टोर पर पासपोर्ट स्कैनिंग का आरोप, 9 माह के बच्चे का भी डेटा स्कैन करने का दावा

Published: Fri, 11 Sep 2026 09:24 PM (IST)

आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर एक भारतीय-अमेरिकी परिवार ने ड्यूटी फ्री दुकान पर पासपोर्ट की अनधिकृत स्कैनिंग का आरोप लगाया है, जिसमें उनके छोटे बच्चों के पासपोर्ट भी स्कैन किए गए।

भारतीय मूल के अमरीकी परिवार ने ड्यूटी फ्री शाॅप के कर्मचारियों पर पासपोर्ट की अनधिकृत स्कैनिंग का गंभीर आरोप लगाया है। एआई इमेज

भारतीय मूल के अमरीकी परिवार ने ड्यूटी फ्री शाॅप के कर्मचारियों पर पासपोर्ट की अनधिकृत स्कैनिंग का गंभीर आरोप लगाया है। एआई इमेज

HighLights

  1. भारतीय-अमेरिकी परिवार ने ड्यूटी फ्री दुकान पर पासपोर्ट स्कैनिंग का आरोप लगाया।

  2. परिवार के छोटे बच्चों के पासपोर्ट भी अनधिकृत रूप से स्कैन किए गए।

  3. डायल ने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर पहुंचे एक भारतीय मूल के अमरीकी परिवार ने ड्यूटी फ्री शाॅप के कर्मचारियों पर पासपोर्ट की अनधिकृत स्कैनिंग का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता पूजा तोमर सिकरवार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस पूरी घटना की जानकारी दी है।

पूजा का कहना है कि अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद परिवार के एक सदस्य ने इमिग्रेशन के पास स्थित पहली ड्यूटी फ्री दुकान से शराब की एक बोतल खरीदी थी। महिला का कहना है कि नियमानुसार केवल खरीदारी करने वाले व्यक्ति का ही पासपोर्ट स्कैन किया जाना चाहिए था, लेकिन दुकान के कर्मचारियों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ उनके नौ महीने के बच्चे और छोटे बच्चे का पासपोर्ट भी स्कैन कर लिया।

जब पूजा के पति ने इस पर आपत्ति जताई और कर्मचारियों से कारण पूछा, तो उन्हें बताया गया कि वे आफर और डिस्काउंट की जांच कर रहे हैं। इस जवाब से असंतुष्ट दंपत्ति ने यात्रियों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, तस्करी और डेटा के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए कड़ी चिंता व्यक्त की है।

मामला तूल पकड़ने के बाद आईजीआई एयरपोर्ट संचालन एजेंसी डायल के अधिकारियों ने इस घटना पर संज्ञान लिया है। डायल ने इंस्टाग्राम पर किए गए पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि किसी भी यात्री के पासपोर्ट और व्यक्तिगत डेटा की अनधिकृत स्कैनिंग एक गंभीर विषय है।

मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। डायल ने तथ्य जुटाने के लिए पीड़ित परिवार से संपर्क कर यात्रा और आउटलेट का विवरण मांगा है।