BRICS सम्मेलन से पहले IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षा का मेगा टेस्ट, आतंकी हमले से बंधक संकट तक की मॉक ड्रिल
आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर मंगलवार को संयुक्त काउंटर टेररिस्ट मॉक ड्रिल का आयोजन ...और पढ़ें

IGI एयरपोर्ट पर संयुक्त काउंटर टेररिस्ट माक ड्रिल में शामिल सुरक्षा कर्मी। सौ- सीआइएसएफ
HighLights
ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा के लिए आइजीआइ एयरपोर्ट पर अभ्यास।
आतंकी हमले, बंधक संकट से निपटने की तैयारियों का आकलन।
सीआइएसएफ, दिल्ली पुलिस, एनएसजी सहित कई एजेंसियों ने भाग लिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में आगामी 12-13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और देश-विदेश से आने वाले वीवीआइपी प्रतिनिधिमंडलों की सुरक्षा के मद्देनजर आइजीआइ एयरपोर्ट पर मंगलवार को संयुक्त काउंटर टेररिस्ट माक ड्रिल आयोजित की गई।
टर्मिनल-2 के पास स्थित पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) परिसर में हुए इस अभ्यास में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ), दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), दिल्ली अग्निशमन सेवा, बीसीएएस, डीजीसीए, एआरएफएफ, राक्सा, डायल और अन्य एजेंसियों ने भाग लिया।
अभ्यास का उद्देश्य किसी संभावित आतंकी हमले, बंधक संकट या अन्य सुरक्षा चुनौती की स्थिति में एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था।
काल्पनिक परिदृश्य किए गए तैयार
सीआइएसएफ से मिली जानकारी के अनुसार माक ड्रिल के दौरान आतंकियों के एयरपोर्ट परिसर में घुसने और संवेदनशील क्षेत्र को निशाना बनाने जैसे काल्पनिक परिदृश्य तैयार किए गए।
सूचना मिलते ही सीआइएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), डाग स्क्वाड, दिल्ली पुलिस और एनएसजी की विशेष टीमें सक्रिय हुईं।

संदिग्ध क्षेत्र को घेरने, यात्रियों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, विस्फोटक की जांच और खतरे को निष्क्रिय करने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
दमकल और एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग इकाइयों ने आग लगने अथवा विस्फोट की स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान का प्रदर्शन किया।
अधिकारियों के अनुसार, हाल के वर्षों में एयरपोर्ट पर आयोजित माक ड्रिल में एजेंसियों के बीच रीयल टाइम कम्युनिकेशन, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम, आपदा प्रबंधन और त्वरित संसाधन जुटाने की क्षमता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस बार भी विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, प्रतिक्रिया समय और निर्णय लेने की प्रक्रिया का मूल्यांकन किया गया।
वीवीआईपी आगमन पर सुरक्षा की समीक्षा
आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान करीब दो दर्जन देशों के राष्ट्राध्यक्षों, शासनाध्यक्षों और उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के दिल्ली आने की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था की विशेष समीक्षा की जा रही है।
इसी कड़ी में वीवीआइपी आगमन, सुरक्षित मूवमेंट, आपात निकासी और बहु-एजेंसी समन्वय की तैयारियों को भी माक ड्रिल के माध्यम से परखा गया।
यह भी पढ़ें- यमुनानगर में हथनीकुंड बैराज पर मॉक ड्रिल करने आए 4 पैरा कमांडो नदी में गिरे, तीन तैरकर बाहर निकले; एक लापता
यह भी पढ़ें- तेल-रासायनिक आपदा से निपटने की तैयारी परखेगा बंगाल, 21 अगस्त को पांच जिलों में मॉक ड्रिल
