वेतन नहीं मिला तो हड़ताल पर जाएंगे वक्फ बोर्ड के कर्मचारी
दिल्ली वक्फ बोर्ड के कर्मचारियों ने 5 महीने से वेतन न मिलने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली वक्फ बोर्ड के कर्मचारियों ने पांच महीने से वेतन न मिलने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इस संबंध में कर्मचारियों ने बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और सदस्यों को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि बोर्ड के अस्थायी कर्मचारियों, इमामों और विधवाओं को पेंशन नहीं मिली है। पत्र में बताया गया है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को अपनी परेशानी से पहले ही पत्र लिखकर अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने से वे बहुत परेशान हैं।
बता दें वक्फ बोर्ड में सभी वित्तीय अधिकार अध्यक्ष के पास हैं। मार्च में अध्यक्ष पद पर अमानतुल्लाह का कार्यकाल समाप्त हो गया था। उनके बाद से अध्यक्ष का चयन नहीं हो सका है। अभी अध्यक्ष के चुनाव के लिए बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन उस पर कोर्ट ने 19 नवंबर तक रोक लगा दी है। ऐसे में अध्यक्ष का चुनाव नहीं होने से कर्मचारियों के वेतन, पेंशन समेत अन्य खर्चों के भुगतान के मामले अटके हुए हैं।