जाम फिर हुआ आम
लॉकडाउन-4 में छूट मिलने के बाद से दिल्ली में शुरू हुआ जाम का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रात में समय में सूनी रहने वाली दिल्ली की सड़कें सुबह से लेकर देर शाम तक जाम से कराह रही हैं। हालत यह है कि कई जगह लोगों को एक किलोमीटर का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सड़कों पर लगे बैरीकेड हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
लॉकडाउन-4 में छूट मिलने के बाद से दिल्ली में शुरू हुआ जाम का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। रात के समय में सूनी रहने वाली दिल्ली की सड़कें सुबह से लेकर देर शाम तक जाम से कराह रही हैं। हालत यह है कि कई जगह लोगों को एक किलोमीटर का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सड़कों पर लगे बैरिकेड हैं। इसके अलावा वाहनों के लिए सीमित मार्ग भी जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं। पुलिस न तो बंद मार्ग खोलने के लिए तैयार है, न ही बैरिकेड हटाने का प्रयास किया जा रहा है। जिस कारण लोगों को भीषण गर्मी में जाम का सामना करना पड़ रहा है।
लॉकडाउन-4 में छूट मिलने के बाद मंगलवार से राजधानी की सड़कों पर भीषण जाम लगाने का सिलसिला शुरू हुआ था, जो बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। लोगों को घरों से निकालने की छूट मिली है, लेकिन सड़कों पर वाहनों के चलने के लिए किसी भी प्रकार की अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई है। लॉकडाउन में जैसी व्यवस्था थी, उसी व्यवस्था से होकर वाहन चालक गुजर रहे हैं। जांच के नाम पर लगाए गए बैरिकेड के कारण सुबह से लेकर देर शाम तक भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की बढ़ती संख्या के बाद भी पुलिस की तरफ से बैरिकेड हटाने के लिए अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं जिन मार्गो को लॉकडाउन में पूरी तरह से बंद कर दिया गया था, छूट मिलने के बाद भी उन मार्गो पर वाहनों की आवाजाही की कोई व्यवस्था नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस की तरफ से अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे आवागमन में लोगों को जरा भी राहत मिल सके। लोग जाम में फंसे रहते हैं और पुलिस लॉकडाउन में पहले की तरह ही कार्य कर रही है। स्थिति इस कदर खराब है कि व्यस्त समय में भी सड़कों पर जाम खत्म करने की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। दिल्ली में प्रवेश करने वालों को बार्डर पर कुछ राहत मिली है, लेकिन दिल्ली से बाहर जाने के लिए बार्डर पर कोई राहत नजर नहीं आ रही है। बृहस्पतिवार को भी रिग रोड, सराय काले खां, आइटीओ पुल, विकास मार्ग, करोल बाग, कड़कड़ी मोड से आनंद विहार, गाजीपुर से यूपी गेट, डीएनडी, कॉलिदी कुंज, मथुरा रोड़ से आश्रम, दिल्ली बार्डर के सभी टोल प्लाजा, रिग रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 की तरफ जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम का सामना लोगों को करना पड़ा।