दिल्ली में सबसे बड़ी साइबर ठगी, हांगकांग में बैठे हैकर्स ने 90 मिनट में NBFC से उड़ाए 41.27 करोड़
हांगकांग के साइबर अपराधियों ने दक्षिण दिल्ली की एक एनबीएफसी के सिस्टम को हैक कर डेढ़ घंटे में 41.27 करोड़ रुपये की ठगी की। यह दिल्ली में हाल की सबसे बड़ी साइबर धोखाधड़ी में से एक है।

दिल्ली में सबसे बड़ी साइबर ठगी अंजाम दी गई। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में साइबर ठगी की एक बड़ी घटना सामने आई है। हांगकांग में बैठे साइबर अपराधियों ने दक्षिण दिल्ली स्थित एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (एनबीएफसी) के सिस्टम को हैक कर महज डेढ़ घंटे के भीतर 41.27 करोड़ रुपये की चपत लगा दी।
यह राजधानी में हाल के दिनों में दर्ज की गई सबसे बड़ी साइबर धोखाधड़ी में से एक है।
96 बैंक खातों में ट्रांसफर की गई रकम
दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस ने कटवारिया सराय के कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया स्थित इस कंपनी की लीगल टीम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
जांच में पता चला कि हैकर्स ने कंपनी के खातों से कम से कम 96 अलग-अलग बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) में यह रकम ट्रांसफर की। शुरुआती तकनीकी जांच में इस अपराध में इस्तेमाल किए गए कई आईपी एड्रेस हांगकांग के पाए गए हैं।
तीन महीने में 13 कंपनियों से 65 करोड़ की ठगी
पिछले तीन महीनों में चीन, हांगकांग और पाकिस्तान में सक्रिय साइबर अपराधियों ने दिल्ली-एनसीआर की कई एनबीएफसी कंपनियों को निशाना बनाकर 65 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है।
इस दौरान दिल्ली-एनसीआर की 13 कंपनियों ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस जांच में साइबर ठगी का एक बिल्कुल नया पैटर्न उजागर हुआ है। अब अपराधी आम लोगों को 'डिजिटल अरेस्ट' का डर दिखाकर फंसाने के बजाय सीधे वित्तीय कंपनियों के सिस्टम में सेंध लगा रहे हैं।
एआई टूल से सिस्टम में सेंध लगाने का मामला
डीसीपी गौरव त्यागी का कहना है कि कई छोटी एनबीएफसी कंपनियों ने अपने साइबर सुरक्षा सिस्टम को अपडेट नहीं किया है। हैकर्स इन्हीं कमजोरियों को पहचान कर सिस्टम में घुसपैठ करते हैं।
एक मामले में तो सिस्टम तोड़ने के लिए एआई-संचालित हैकिंग टूल का इस्तेमाल भी पाया गया है। हैकर्स सिस्टम में घुसकर ऐसे लोन की पहचान करते हैं, जो मंजूर तो हो चुके होते हैं लेकिन जिनका भुगतान बाकी रहता है।
भरोसेमंद क्लाउड सर्वर से भेजते हैं पेमेंट कमांड
डीसीपी का कहना है कि अपराधी उसी क्लाउड सर्वर से पेमेंट का कमांड भेजते हैं, जिस पर कंपनी का फायरवॉल पहले से भरोसा करता है। इससे सिस्टम को लगता है कि यह एक सामान्य और वैध लेनदेन है और पैसा सीधे ठगों के फर्जी खातों में चला जाता है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी अब इस तरह की ठगी को बेहद तेजी से और बड़े पैमाने पर अंजाम देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स का सहारा ले रहे हैं।
आईएफएसओ की टीम पैसों के लेनदेन की कड़ियों को जोड़कर आरोपियों और म्यूल अकाउंट धारकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- दहेज में ब्रेजा कार मांगने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही पर FIR, हुआसस्पेंड; पहली शादी छिपाने का भी आरोप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।