विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिंदू कॉलेज में बढ़ा तनाव, शिक्षक संगठन ने प्रिंसिपल और वाइस-प्रिंसिपल को HCSA से निकाला; प्रस्ताव पास

Published: Fri, 25 Sep 2026 02:17 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 02:21 PM (IST)

हिंदू कॉलेज में शिक्षक संगठन एचसीएसए ने प्राचार्य प्रो. अंजू श्रीवास्तव और उप-प्राचार्य प्रो. रीना जैन को संगठन की सदस्यता से हटाने का प्रस्ताव पारित किया है।

हिंदू कॉलेज में शिक्षकों और प्रशासन के बीच आर-पार की जंग

हिंदू कॉलेज में शिक्षकों और प्रशासन के बीच आर-पार की जंग

HighLights

  1. एचसीएसए ने प्राचार्य और उप-प्राचार्य की सदस्यता हटाने का प्रस्ताव पारित किया।

  2. संगठन ने अपने सदस्यों को जारी शो-कॉज नोटिस पर आपत्ति जताई।

  3. शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों, शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई अस्वीकार्य।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। हिंदू कॉलेज में शिक्षक संगठन एचसीएसए और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद अब संगठन की सदस्यता तक पहुंच गया है। गुरुवार को हुई एचसीएसए की आपात बैठक में प्राचार्य प्रो. अंजू श्रीवास्तव और उप-प्राचार्य प्रो. रीना जैन को शिक्षक संगठन की सदस्यता से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में दोनों के खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर यह कदम उठाने के साथ ही आगे की रणनीति तय करने के लिए कार्यकारिणी को अधिकृत किया गया। एचसीएसए की ओर से पारित प्रस्ताव में प्राचार्य और उप-प्राचार्य को संगठन से हटाने के पीछे मौजूदा विवाद और संगठन के साथ उनके संबंधों को लेकर असहमति को आधार बनाया गया है।

हालांकि, संगठन ने प्रस्ताव में लगाए गए आरोपों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। सदस्यता समाप्त करने के प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया संगठन के नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। बैठक में गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन की ओर से तीन शिक्षकों को जारी शो-कॉज नोटिस का मुद्दा भी उठा।

एचसीएसए ने नोटिस जारी होने पर जताई आपत्ति

एचसीएसए ने अध्यक्ष डॉ. रतन लाल और सचिव डॉ. शंकर कुमार समेत तीन सदस्यों को व्यक्तिगत क्षमता में नोटिस जारी किए जाने पर आपत्ति जताई। संगठन के मुताबिक, संबंधित सदस्य 18 अगस्त और आठ सितंबर को हुई बैठकों में लिए गए सामूहिक और सर्वसम्मत निर्णयों के आधार पर अपनी भूमिका निभा रहे थे।

एचसीएसए ने डॉ. पीके विजयन को जारी शो-कॉज नोटिस पर भी असंतोष जताया। संगठन का कहना है कि उन्होंने आठ सितंबर की बैठक में कुछ सहकर्मियों की भावनाएं आहत होने की संभावना पर खेद व्यक्त किया था। बैठक में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और शिक्षकों को कथित तौर पर डराने-धमकाने की शिकायतों पर भी चिंता जताई गई।

संगठन ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों और शिक्षकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही तीनों शो-काज नोटिस प्राप्त सदस्यों को कानूनी सहायता देने का निर्णय लिया गया।

अब प्राचार्य और उप-प्राचार्य की सदस्यता समाप्त करने के प्रस्ताव समेत अन्य मुद्दों पर आगे की कार्रवाई एचसीएसए कार्यकारिणी तय करेगी।

यह भी पढ़ें- हिंदू कॉलेज में स्पोर्ट्स-ECA कोटे में गड़बड़ी, 10 की जगह मिलीं 17 सीटें; स्टाफ एसोसिएशन ने उठाया सवाल